राबड़ी देवी ने बेटों को दिया आशिर्वाद, कहा- जनता की सेवा कर रहे हैं, जनता का प्यार उन्हें जरूर मिलेगा

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग आज (6 नवंबर) को जारी है. राज्य के 18 जिलों की 121 सीटों पर जनता अपने जनप्रतिनिधियों का चयन कर रही है.

Bihar Elections 2025 Rabdi devi blessed her both child tejashwi and tej pratap yadav for elections
Image Source: ANI

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग आज (6 नवंबर) को जारी है. राज्य के 18 जिलों की 121 सीटों पर जनता अपने जनप्रतिनिधियों का चयन कर रही है. इस बीच, बिहार की राजनीति का सबसे चर्चित परिवार  लालू यादव का परिवार भी लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेते हुए मतदान केंद्र पहुंचा.

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पटना के अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला. तेज प्रताप यादव भी अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पर नजर आए. मतदान के बाद राबड़ी देवी ने मीडिया से कहा, कि मेरे दोनों बेटे जनता की सेवा कर रहे हैं, और मुझे पूरा विश्वास है कि जनता का आशीर्वाद उन्हें जरूर मिलेगा. राबड़ी देवी के इस बयान में न सिर्फ एक मां का स्नेह झलकता है बल्कि यह भी स्पष्ट होता है कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद लालू परिवार में एकजुटता पहले की तरह कायम है.

रोहिणी आचार्य ने भी किया मतदान, युवाओं और मजदूरों का मुद्दा उठाया

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नेता और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी मतदान किया और इस दौरान उन्होंने बिहार के विकास और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि यह चुनाव उन मजदूरों के लिए है जो रोज़गार की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं. इस बार जनता ऐसी सरकार चुनेगी जो युवाओं को रोजगार दे और डबल इंजन सरकार को सत्ता से बाहर करे. रोहिणी का यह बयान साफ संकेत देता है कि आरजेडी की रणनीति इस चुनाव में रोजगार और महंगाई जैसे जमीनी मुद्दों पर फोकस करने की है.

परिवार की एकजुटता और जनता का संदेश

पहले चरण की वोटिंग के बीच लालू परिवार का एकजुट होकर मतदान करना बिहार की राजनीति के लिए प्रतीकात्मक महत्व रखता है. जहां एक तरफ विरोधी दल परिवारवाद का आरोप लगाते हैं, वहीं दूसरी ओर यादव परिवार इसे जनसेवा की परंपरा बताता है. तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इस बार आरजेडी ‘परिवर्तन’ के नारे के साथ मैदान में उतरी है. पार्टी की रणनीति युवाओं, किसानों और बेरोजगारों को साधने की है, जबकि एनडीए सरकार विकास और स्थिरता की बात कर रही है.

यह भी पढ़ें: Bihar Election 2025: धारा 126 क्या है? पहले चरण में हो चुकी है लागू: उल्लंघन किया तो होगी जेल