Bihar: गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में कुख्यात विकास सिंह कुशवाहा को लगी गोली, गिरफ्तार

Gopalganj Encounter: बिहार के गोपालगंज जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है. मांझा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक सनसनीखेज मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी विकास सिंह कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया.

Bihar Gopalganj police Vikas Singh Kushwaha was shot in an encounter arrested
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Gopalganj Encounter: बिहार के गोपालगंज जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है. मांझा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में एक सनसनीखेज मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी विकास सिंह कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया. फायरिंग के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके घुटने में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से दबोच लिया गया.

जानकारी के अनुसार, विकास सिंह कुशवाहा हाल ही में धर्मपरसा गांव स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में हुई लूटपाट का मुख्य आरोपी है. उस पर हत्या, लूट, डकैती जैसे कई संगीन अपराधों के मामले पहले से ही दर्ज हैं. वह सारण जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र के सीरिश्तापुर गांव का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था.

वारदात की साजिश रच रहा था विकास

गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक (SP) अवधेश दीक्षित ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि विकास सिंह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना में है. इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने जलालपुर गांव स्थित एक ईंट-भट्ठा के पास घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन को जा लगी.

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली उसके बाएं घुटने में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. तुरंत पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया. घटनास्थल से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं.

इलाके में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत

इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आम लोगों का भरोसा बढ़ा है. पुलिस अब विकास सिंह से पूछताछ कर रही है कि वह किन अन्य घटनाओं में शामिल रहा है. पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें- क्या नहीं थमेगा रूस-यूक्रेन के बीच का विवाद? पुतिन ने फिर दिखाए तेवर; बढ़ने लगी जेलेंस्की की धड़कन