Asia Hockey Cup Bihar: हीरो एशिया कप 2025 में शानदार जीत दर्ज कर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने न केवल देश का सिर गर्व से ऊंचा किया, बल्कि बिहार को भी गर्व का अवसर दिया. इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद भवन में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में टीम के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सहयोगी दल को सम्मानित किया.
समारोह के दौरान भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को सांकेतिक रूप से 2 करोड़ 50 लाख रुपये का चेक सौंपा गया. प्रत्येक खिलाड़ी, मुख्य कोच और सहायक प्रशिक्षक को 10-10 लाख रुपये, जबकि सपोर्ट स्टाफ को 5-5 लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.
आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में बिहार के राजगीर में पहली बार आयोजित हीरो एशिया कप 2025 में विजेता रही भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों एवं सहयोगी स्टाफ के उत्साहवर्द्धन हेतु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हीरो एशिया कप 2025 की विजेता भारतीय टीम के प्रत्येक… pic.twitter.com/rsIgkhj0al
— Nitish Kumar (@NitishKumar) September 19, 2025
जीत का जश्न और सम्मान
मुख्यमंत्री ने विजेता टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि भारत की इस जीत ने न केवल देशवासियों को गौरवान्वित किया है, बल्कि यह साबित कर दिया है कि भारतीय हॉकी दोबारा विश्व मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रही है. समारोह में सीएम नीतीश ने खिलाड़ियों के साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाया.
इस मौके पर टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, "यह सम्मान हमारे लिए गर्व की बात है. बिहार में खेलों के प्रति जिस तरह का समर्थन और समर्पण दिखाया जा रहा है, वह पूरे देश के लिए एक मिसाल है."
बिहार में हुआ था एशिया कप का आयोजन
गौरतलब है कि पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 का आयोजन इस बार बिहार के राजगीर खेल परिसर स्थित खेल विश्वविद्यालय में हुआ था. 29 अगस्त से 7 सितम्बर तक चली इस प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, कजाकिस्तान, चीनी ताइपे और बांग्लादेश की टीमें शामिल हुई थीं. भारत ने फाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया को हराकर खिताब अपने नाम किया.
राज्य सरकार की सराहना
कार्यक्रम के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दिए जा रहे समर्थन और सुविधाओं की चर्चा अब राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है.
बिहार सरकार इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम को भी एशिया कप जीतने पर नकद पुरस्कार से सम्मानित कर चुकी है. इससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार अब खेल को नीति और प्राथमिकता दोनों स्तर पर गंभीरता से ले रही है.
समारोह में रहे शामिल
सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त एस. सिद्धार्थ, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्द्र, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण, खेल निदेशक महेन्द्र कुमार, हॉकी इंडिया महासचिव भोला नाथ सिंह, भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें- दो पत्नियां, दोनों निकलीं बेवफा! प्रेमी के साथ हुईं फुर्र, पटना के राजू की किस्मत के साथ ये कैसा खेला