NDA ने बिहार चुनाव के लिए जारी किया मेनिफेस्टो, CM नीतीश कुमार और JP नड्डा समेत कई नेता मौजूद

Bihar NDA Manifesto: बिहार विधानसभा चुनावों की राजनीतिक सरगर्मी अब चरम पर पहुंच चुकी है. इसी कड़ी में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने शुक्रवार को पटना के होटल मौर्य में अपना साझा चुनावी घोषणा पत्र जारी किया.

Bihar NDA Manifesto released nitish kumar jp nadda
Image Source: Video Grabbed

Bihar NDA Manifesto: बिहार विधानसभा चुनावों की राजनीतिक सरगर्मी अब चरम पर पहुंच चुकी है. इसी कड़ी में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने शुक्रवार को पटना के होटल मौर्य में अपना साझा चुनावी घोषणा पत्र जारी किया. इस मौके पर एनडीए के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया, हालांकि मंच से संबोधन केवल उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया. उन्होंने गठबंधन की नीतियों और संकल्पों को जनता के सामने विस्तार से रखा.

साझा संकल्प पत्र में एनडीए ने बिहार के विकास के लिए 25 बड़े वादे किए हैं. इनमें युवाओं को रोजगार, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और ग्रामीण इलाकों में बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर खास जोर दिया गया है. सम्राट चौधरी ने कहा कि गठबंधन की सरकार ने पहले भी बिहार को विकास की नई दिशा दी है और आगामी कार्यकाल में यह गति और तेज होगी.

नीतीश, नड्डा, चिराग और मांझी एक मंच पर

घोषणा पत्र जारी करने के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के नेता जीतनराम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा सहित सभी सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे. यह उपस्थिति इस बात का संकेत थी कि गठबंधन आगामी चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतर रहा है.

दो चरणों में होगा मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का मतदान दो चरणों में होने जा रहा है. पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी. इस बार राज्य की कुल 243 सीटों पर एनडीए के पांच दल मिलकर मुकाबला कर रहे हैं. भाजपा और जदयू ने 101-101 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं. वहीं लोजपा (रामविलास) 29 सीटों, जबकि हिंदुस्तान आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं.

जनता के विश्वास पर भरोसा

सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में विकास, कानून व्यवस्था और सामाजिक स्थिरता के क्षेत्र में जो काम किए हैं, उन्हें जनता अच्छी तरह जानती है. उन्होंने दावा किया कि जनता एक बार फिर एनडीए को बहुमत देकर राज्य के भविष्य को सुरक्षित हाथों में सौंपेगी.

यह भी पढ़ें: RJD को कांग्रेस ही हराना चाहती है, छपरा में महागठबंधन पर बरसे पीएम मोदी