Bihar: यूट्यूब देख बनाया प्लान, नकली कस्टम अधिकारी बनकर 20 करोड़ का सोना लूटा, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Patna Lootkand: पटना में नकली कस्टम अधिकारी बनकर करीब 14.9 किलो सोना लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस बड़े लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी की तलाश अभी जारी है.

Bihar patna looted gold worth Rs 20 crore by posing as a fake customs officer
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Patna Lootkand: पटना में नकली कस्टम अधिकारी बनकर करीब 14.9 किलो सोना लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस बड़े लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी की तलाश अभी जारी है.

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मेहंदीगंज इलाके से अमरनाथ उर्फ गोपी, आदित्य गिरी उर्फ सोनी और संजय कुमार को पकड़ा गया है. इनके पास से सोना, नकदी और हथियार भी मिले हैं. पुलिस को इनके पास से 5.400 ग्राम सोना, 9 गोलियां और करीब 1.97 लाख रुपये कैश मिला है.

डेढ़ साल से कर रहे थे रेकी

जांच में पता चला कि आरोपी करीब डेढ़ साल से कारोबारी पर नजर रख रहे थे. वे उसकी हर गतिविधि नोट करते थे और एक डायरी में पूरा हिसाब लिखते थे. बाद में सबूत मिटाने के लिए उन्होंने डायरी जला दी.

यूट्यूब से सीखी चाल

आरोपियों ने यूट्यूब से सीखकर खुद को कस्टम अधिकारी जैसा दिखाने का प्लान बनाया. उन्होंने सफेद शर्ट और खाकी पैंट पहनकर पूरी तैयारी की, ताकि किसी को शक न हो.

मास्टरमाइंड पहले भी जा चुका है जेल

इस वारदात का मुख्य आरोपी अमरनाथ उर्फ गोपी है, जो पहले भी डकैती के मामलों में जेल जा चुका है. उसी ने पूरी प्लानिंग की थी. गुड्डू नाम के एक शख्स ने उन्हें गाड़ी दी थी. लूट के बाद सभी आरोपी नौबतपुर भाग गए और वहां से ट्रेन पकड़कर फरार हो गए. इस पूरे मामले में 8-9 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है.

ऐसे हुई 20 करोड़ की लूट

गुजरात के राजकोट के रहने वाले महेश मामतोरा अपने साथी के साथ अहमदाबाद से पटना आए थे. वे सोने के गहने लेकर बाकरगंज जा रहे थे. खगौल ओवरब्रिज पर बदमाशों ने पुलिस स्टीकर लगी कार और बाइक से उन्हें घेर लिया. खुद को कस्टम अधिकारी बताकर उन्होंने जांच के नाम पर उनके तीनों बैग ले लिए और मौके से फरार हो गए. लूटे गए सोने की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब इस गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है. दूसरे राज्यों में भी छापेमारी की जा रही है. इस मामले के खुलासे के बाद पुलिस की कार्रवाई की सराहना हो रही है, लेकिन शहर की सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं.

ये भी पढ़ें- युद्धपोतों में भर रहे अब तक के सबसे खतरनाक हथियार... शांति वार्ता से डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी