Roads In Bihar: बिहार सरकार राज्य में सड़कों और पुलों के हालात को और बेहतर करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. पथ निर्माण विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुलों के निर्माण एवं मरम्मत की योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है. इन योजनाओं से न केवल क्षेत्रीय यातायात की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि राज्य की आधारभूत संरचना को भी नई मजबूती मिलेगी.
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि इससे सड़क संपर्क और सुगमता में उल्लेखनीय सुधार आएगा. इन परियोजनाओं को राज्य योजना मद से मंजूरी दी गई है, जिनमें मुजफ्फरपुर, नालंदा, जमुई, वैशाली, भोजपुर, सुपौल, समस्तीपुर, सारण, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण शामिल हैं.
हर जिले में होगा निर्माण और सुधार का कार्य
जमुई जिला:
यहां 15.70 किमी लंबे सोनो-चरका पत्थर पथ के दूसरे किलोमीटर में बरनार नदी पर बेली ब्रिज और उसके लिए पहुंच पथ का निर्माण 6.28 करोड़ रुपये में किया जाएगा.
नालंदा जिला:
8.2 किमी लंबी धनौली-रहुई भाया खिरीना पथ का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य 38.64 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा.
वैशाली जिला:
हाजीपुर के अंधड़ाबड़ चौक से शेरपुर भाया धधुआं पथ का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण 12.08 करोड़ रुपये में किया जाएगा. वहीं, गोरौल-सोंधो-मथनामल पथ (12.66 किमी) पर कार्य 19.51 करोड़ रुपये की लागत से होगा.
भोजपुर जिला (आरा):
सपना सिनेमा मोड़ से रमणा मैदान होते हुए शिवगंज, बारीमठिया, शहीद भगत सिंह चौक, टाउन थाना तक सड़क का चौड़ीकरण 11.95 करोड़ रुपये में होगा.
पुल निर्माण और मरम्मत कार्य भी होंगे
सुपौल:
प्रतापगंज-छातापुर पथ पर नौवें किलोमीटर में पुल की मरम्मत के लिए 0.14 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
समस्तीपुर:
हसनपुर-सखवा घाट पथ पर स्थित एक पुल के गार्डर की रेट्रोफिटिंग 0.25 करोड़ रुपये में की जाएगी.
सारण:
छपरा-सोनपुर पथ (6.48 किमी) पर गोलाबाजार-छोवामिल-दुधैलामठ-नजरमीरा के पास 5वें किमी में एक उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण 10.99 करोड़ रुपये में होगा.
पूर्णिया:
एनएच-107 से काशी पथ तक लगभग 6 किमी लंबी सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण 22.61 करोड़ रुपये में किया जाएगा.
पूर्वी चंपारण:
ढ़ाका अनुमंडल में ओपीआरएमसी योजना के तहत मोतिहारी-बरनवाघाट-छौड़ादानों पथ पर सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें- यूक्रेन-रूस छोड़िए, ताइवान और चीन के बीच शुरू हुई जंग! जानें ड्रोन वॉर में कितनी मजबूत है ताइवान की आर्मी