Bihar STET 2025 Latest News: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (BSTET) 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. जो अभ्यर्थी राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए यह परीक्षा एक महत्वपूर्ण अवसर है. इच्छुक अभ्यर्थी 27 सितंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं.
परीक्षा के स्तर और योग्यता
BSTET परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित की जाती है, पेपर 1 और पेपर 2.
पेपर 1 माध्यमिक स्कूलों (कक्षा 9वीं और 10वीं) के लिए होता है. इसके लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री और साथ में बीएड (B.Ed.) की डिग्री होनी चाहिए. पोस्ट ग्रेजुएट अभ्यर्थी जिनके पास बीएड की डिग्री है, वे भी इस पेपर के लिए आवेदन कर सकते हैं. कुछ विषयों में बीएड की अनिवार्यता से छूट दी गई है.
पेपर 2 उच्च माध्यमिक स्तर (कक्षा 11वीं और 12वीं) के शिक्षकों के लिए होता है. इसके लिए मास्टर्स डिग्री में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है. साथ ही अभ्यर्थी के पास बीएड, बीए-बीएड या बीएससी-बीएड जैसी शिक्षण डिग्री होनी चाहिए.
आवेदन की तिथि और वेबसाइट
BSTET 2025 के लिए आवेदन 19 सितंबर से शुरू हो चुके हैं और आवेदन की अंतिम तिथि 27 सितंबर 2025 है. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट bsebstet.com या secondary.biharboardonline.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन प्रक्रिया के चरण
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होती है, पंजीकरण, फॉर्म भरना, दस्तावेज अपलोड करना और फीस भुगतान. सबसे पहले उम्मीदवार को वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होता है. इसमें नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी जैसी व्यक्तिगत जानकारी भरनी होती है. इसके बाद ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण पूरा होता है और अभ्यर्थी को मोबाइल पर एक यूज़र आईडी और पासवर्ड प्राप्त होता है.
इसके बाद लॉगिन करके उम्मीदवार को आवेदन फॉर्म भरना होता है जिसमें व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी जानकारियां शामिल होती हैं. सभी जानकारियां सही-सही भरना अनिवार्य है क्योंकि गलत जानकारी देने पर आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है.
आवश्यक दस्तावेज
आवेदन के दौरान अभ्यर्थी को कई दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होती है. इनमें शामिल हैं, 10वीं और 12वीं के प्रमाण पत्र एवं अंक पत्र, स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री व मार्कशीट, बीएड का प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), क्रीमीलेयर प्रमाण पत्र (पिछड़ा वर्ग के लिए), दिव्यांग प्रमाण पत्र और भूतपूर्व सैनिक प्रमाण पत्र (यदि लागू हो).
फोटो और हस्ताक्षर का अपलोड भी अनिवार्य है. फोटो रंगीन और हाल ही का होना चाहिए, जिसमें चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई दे. पृष्ठभूमि सफेद या हल्के रंग की होनी चाहिए. फोटो का साइज़ 3.5 सेंटीमीटर x 4.5 सेंटीमीटर और फाइल साइज 80 से 200 केबी के बीच होना चाहिए. हस्ताक्षर साफ और स्पष्ट होना चाहिए, और उसका साइज 50 से 200 केबी के बीच होना चाहिए.
फीस भुगतान
फॉर्म भरने के बाद अभ्यर्थी को निर्धारित परीक्षा शुल्क का भुगतान करना होता है. यह भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है. डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के ज़रिए फीस जमा करनी होगी. किसी अन्य माध्यम से भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा.
आवेदन करते समय ध्यान रखने योग्य बातें
फॉर्म सबमिट करने से पहले “पूर्वावलोकन” यानी Preview पर क्लिक करके सारी जानकारी एक बार जरूर जांच लें. यदि कोई गलती हो, तो उसे सुधार लें और उसके बाद ही फॉर्म को सुरक्षित करें. एक से अधिक आवेदन करने की स्थिति में सभी फॉर्म निरस्त कर दिए जाएंगे.
साथ ही, सभी दस्तावेज सही और वैध होने चाहिए. गलत जानकारी या अपूर्ण फॉर्म की स्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा और परीक्षा परिणाम भी रद्द किया जा सकता है. आवेदन पत्र और घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर करते समय केवल सामान्य फॉर्मेट में हस्ताक्षर करें; अंग्रेजी के बड़े अक्षरों (Capital Letters) में हस्ताक्षर न करें.
आवेदन केवल ऑनलाइन ही मान्य होगा
BSEB ने यह स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही मान्य होंगे. डाक, ईमेल या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए फॉर्म को स्वीकार नहीं किया जाएगा. सभी उम्मीदवारों से अनुरोध किया गया है कि वे अपना आवेदन स्वयं भरें और किसी साइबर कैफे या एजेंट पर पूरी तरह निर्भर न रहें. लॉगिन डिटेल्स जैसे यूज़र आईडी और पासवर्ड को सुरक्षित रखें और किसी के साथ साझा न करें.
यह भी पढ़ें- 40% महिलाएं झेल रही हैं यह गंभीर समस्या, सेक्स लाइफ पर पड़ रहा है गहरा असर