Bihar Vidhan Sabha Chunav Result: NDA या महागठबंधन? किसके सिर सजेगा ताज; आज होगा फैसला

Bihar Vidhan Sabha Chunav Result: बिहार में इस बार का विधानसभा चुनाव कई दृष्टियों से अभूतपूर्व रहा. मतदाताओं का जोश इस कदर देखने को मिला कि राज्य ने अपने चुनावी इतिहास में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग दर्ज की.

Bihar Vidhan Sabha Chunav Result Counting on 243 seats
Image Source: Bharat 24

Bihar Vidhan Sabha Chunav Result: बिहार में इस बार का विधानसभा चुनाव कई दृष्टियों से अभूतपूर्व रहा. मतदाताओं का जोश इस कदर देखने को मिला कि राज्य ने अपने चुनावी इतिहास में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग दर्ज की. दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब पूरा बिहार 14 नवंबर की सुबह का इंतजार कर रहा है, जब वोटों की गिनती शुरू होगी और यह तय होगा कि 243 सीटों की इस निर्णायक लड़ाई में कौन विजेता बनकर उभरेगा.


सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों की गिनती से प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 8:30 बजे से ईवीएम खोले जाएंगे. चुनाव आयोग ने 38 जिलों में फैले 46 मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के बेहद कड़े इंतज़ाम किए हैं. 243 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जिनकी देखरेख में काउंटिंग होगी. प्रत्येक केंद्र पर पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है और 4,372 काउंटिंग टेबल लगाए गए हैं, जहां सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट और पर्यवेक्षक मिलकर कार्य करेंगे. कुल 18,000 से अधिक एजेंट इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे, ताकि हर कदम पारदर्शी और निष्पक्ष रहे.

पटना में मतगणना दिवस को देखते हुए सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय भी लिया गया है.

सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम मतदान में उपयोग किए गए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को दोहरी लॉक व्यवस्था वाले स्ट्रांग रूम में सील करके रखा गया है. मतगणना केंद्रों पर दो-स्तरीय सुरक्षा चक्र लगाया गया है—अंदर की सुरक्षा सीएपीएफ के हाथों में है, जबकि बाहरी घेरा बिहार पुलिस संभाल रही है. राज्य के बाहर से आईं 106 कंपनियों सहित केंद्रीय बलों की भारी तैनाती ने स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव आयोग मतगणना को किसी भी तरह की बाधा से दूर रखना चाहता है.

इन दिग्गजों पर सबकी नजर

पहले चरण में कई बड़े नेताओं की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई. तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, सम्राट चौधरी, मैथिली ठाकुर और अनंत सिंह जैसे दिग्गज मैदान में थे. मौजूदा सरकार के 16 मंत्रियों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी थी. दूसरे चरण में भी कई हाई-प्रोफाइल सीटें चर्चा में रहीं. गया टाउन, बेतिया, चैनपुर, चकाई, अमरपुर, छातापुर और जमुई जैसी सीटों पर प्रेम कुमार, रेणु देवी, जमा खान, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, नीरज कुमार सिंह बबलू और श्रेयसी सिंह जैसे नेताओं ने अपनी किस्मत आजमाई.

14 नवंबर का दिन इन सभी के राजनीतिक भविष्य का फैसला लेकर आने वाला है.

दूसरे चरण में जिन जिलों में मतदान हुआ दूसरे चरण के दौरान 20 जिलों में मतदाताओं ने पूरी उत्साह के साथ लोकतंत्र का पर्व मनाया. ये जिले रहे गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण. इन सभी क्षेत्रों की मतगणना आज पूरे राज्य का ध्यान अपनी ओर खींचेगी. बिहार एक नए राजनीतिक परिणाम की दहलीज पर खड़ा है, और आने वाले घंटों में राज्य का भविष्य नई दिशा पकड़ने वाला है.

यह भी पढ़ें: मैं महुआ सीट जीत रहा हूं... चुनाव के रिजल्ट से पहले तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान, जानें क्या कहा