पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन मंगलवार को पटना पहुंचे, और उनके स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था. पटना एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ, जहां से उन्होंने रथ पर सवार होकर अपने दो दिवसीय दौरे की शुरुआत की. इस मौके पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद थे.
भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साहपूर्ण स्वागत
नितिन नबीन का पटना आगमन भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए एक बड़े उत्सव से कम नहीं था. एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ उमड़ी थी. फूलों की वर्षा, ढोल-नगाड़ों की ध्वनि और 'नितिन नबीन जिंदाबाद' के नारे लग रहे थे, जिससे पूरा क्षेत्र भगवामय हो गया. यह दृश्य न सिर्फ राजनीतिक उत्साह को प्रदर्शित कर रहा था, बल्कि भाजपा के प्रति कार्यकर्ताओं के समर्थन का भी प्रतीक था.

नितिन नबीन का राहुल गांधी पर निशाना
इस मौके पर नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, केरल से लेकर बंगाल तक हर जगह भगवा लहराएगा. उन्होंने कहा कि, पंचायत से पार्लियामेंट तक हमें परचम लहराना है इसलिए बिहार के पंचायत चुनाव के लिए हमें अभी से ही लग जाना है और बिहार को विकसित बिहार बनाना है. उन्होंने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता सजा देगी. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राहुल गांधी को इस तरीके से भगाया कि वह जर्मनी चले गए. उनकी तरह टाइम पास नहीं करना है. पश्चिम बंगाल और केरल में भी जीत हासिल करनी है. नितिन नबीन ने कहा कि राहुल गांधी पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करते हैं. जर्मनी की जमीन पर जाकर देश को गाली दे रहे हैं.

नितिन नबीन ने कहा कि ऐसे लोगों को चोट देने का वक्त आ गया है. चुनाव हारते हैं तो विदेश घूमने चले जाते हैं. अपने अभिनंदन समारोह के दौरान नितिन नबीन ने कहा कि बिहार को आगे ले जाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मेहनत और परिश्रम करना होगा. 2025-30 का बिहार निश्चित रूप से विकास के वो मायने लिखने वाला है, जिसमें बड़े पैमाने पर युवाओं के लिए रोजगार और निवेश के अवसर होंगे.
रथ यात्रा में दिखे पारंपरिक रंग और जोश
नितिन नबीन का रथ पटना में एक बड़े राजनीतिक उत्सव का रूप लेता नजर आ रहा था. इस रथ यात्रा की शोभा बढ़ाने के लिए हाथी, ऊंट और घोड़े शामिल किए गए थे, जो यात्रा को और भी भव्य बना रहे थे. साथ ही, पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं भोजपुरी गीत ‘जोड़ी मोदी-नीतीश के हिट हो गइल’ पर नृत्य करती हुई नजर आईं, जिसने पूरे माहौल को और भी उत्साही बना दिया.

ये भी पढ़ें: बिहार के पेंशनर्स सावधान! फटाफट कर लें ये काम नहीं तो बंद हो सकती है पेंशन, जानें पूरी जानकारी