'ये सिर्फ कर्मचारी नहीं थे', ट्रेनिंग के दौरान लॉस एंजेलिस में भीषण विस्फोट; तीन की मौत

LA Blast: लॉस एंजेलिस काउंटी में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब शेरिफ डिपार्टमेंट की एक विशेष ट्रेनिंग सुविधा में तेज धमाका हुआ. इस हादसे में विभाग के तीन बेहद अनुभवी और दक्ष अधिकारी मारे गए.

Blast at los angeles county department three people died
Image Source: Social Media

LA Blast: लॉस एंजेलिस काउंटी में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब शेरिफ डिपार्टमेंट की एक विशेष ट्रेनिंग सुविधा में तेज धमाका हुआ. इस हादसे में विभाग के तीन बेहद अनुभवी और दक्ष अधिकारी मारे गए. ये वही अधिकारी थे जो अन्य कर्मियों को विस्फोटकों को संभालने और उनसे निपटने की ट्रेनिंग दिया करते थे.

सुबह-सुबह गूंजा धमाका, पार्किंग में मचा कोहराम

घटना सुबह लगभग 7:30 बजे की है, जब बिस्कैलुज ट्रेनिंग सेंटर जो शेरिफ डिपार्टमेंट का एक अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र है, में जोरदार विस्फोट हुआ. यह विस्फोट एक ऐसे स्थान पर हुआ जहां कई ट्रक और पुलिस गाड़ियाँ खड़ी थीं. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद एक ट्रक के पास तीन शव पड़े मिले, जिन्हें सफेद चादरों से ढक दिया गया था. धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास खड़ी एक पुलिस कार का रियर-व्यू मिरर तक टूट गया.

अनुभवी अफसरों की पहचान और विभाग की प्रतिक्रिया

शेरिफ रॉबर्ट लूना ने गहरी शोकभावना के साथ बताया कि जो अधिकारी इस हादसे में मारे गए, वे विभाग की सबसे अनुभवी आर्सन एंड एक्सप्लोसिव यूनिट का हिस्सा थे. उनमें से एक ने 33 वर्षों तक सेवा दी थी, दूसरे ने 22 साल और तीसरे ने 19 साल तक विभाग में अहम भूमिका निभाई. शेरिफ ने नम आंखों से कहा, "ये सिर्फ कर्मचारी नहीं थे, ये विशेषज्ञ थे जो हर साल सैकड़ों मामलों की जाँच करते थे. आज हमने अपने परिवार के तीन स्तंभों को खो दिया है."

जांच में जुटीं कई एजेंसियां

हादसे के कारणों की जांच शुरू हो चुकी है. एफबीआई, एटीएफ (अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स ब्यूरो) और शेरिफ डिपार्टमेंट की हत्या जांच इकाई इस विस्फोट की तह तक जाने में जुटी हैं. शुरुआती अनुमान यह है कि यह एक संभावित ट्रेनिंग से जुड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन अभी तक कोई पुख्ता निष्कर्ष नहीं निकाला गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए लॉस एंजेलिस पुलिस की बम निरोधक टीम, फायर डिपार्टमेंट के विस्फोटक विशेषज्ञ और स्टेट फायर मार्शल की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं. गवर्नर गेविन न्यूजॉम और लॉस एंजेलिस की मेयर करेन बास हालात पर नजर बनाए हुए हैं.

इतिहास की सबसे बड़ी क्षति

शेरिफ लूना ने इसे विभाग के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि 1857 में गोलीबारी की एक घटना में चार अधिकारियों की मौत हुई थी, और उसके बाद यह सबसे बड़ा नुकसान है. उन्होंने कहा, "मैं दो परिवारों से मिल चुका हूं और अब तीसरे से मिलने जा रहा हूं. यह मेरे करियर की सबसे कठिन जिम्मेदारियों में से एक है."

साथियों की ओर से श्रद्धांजलि

एसडब्ल्यूएटी यूनिट के सदस्य डिप्टी जैसन जबाला ने कहा, "ये अफसर न सिर्फ बहादुर थे बल्कि हमारे मेंटर भी थे. इस पेशे में जोखिम हमेशा होता है, लेकिन जब इतने अनुभवी लोग ऐसी घटना का शिकार होते हैं, तो वह पूरी टीम को झकझोर देता है." यह हादसा न सिर्फ लॉस एंजेलिस काउंटी शेरिफ डिपार्टमेंट के लिए बल्कि पूरे देश की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक गहरी चेतावनी है  कि जोखिम कहीं भी, कभी भी सामने आ सकता है, चाहे वह अभ्यास ही क्यों न हो.

यह भी पढ़ें: छुपा-रुस्तम निकले किम जोंग! चुपचाप अंतरिक्ष में भेज दिए इतने रॉकेट, ठनक जाएगा ट्रंप का माथा