Arshad Warsi On Akshaye Khanna: बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है. फिल्म ने न सिर्फ भारत में, बल्कि वैश्विक स्तर पर जबरदस्त कमाई करते हुए 1000 करोड़ क्लब में अपनी जगह बना ली है. इसके साथ ही ‘धुरंधर’ भारत की कुल नौवीं और बॉलीवुड की चौथी ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने यह ऐतिहासिक आंकड़ा पार किया है.
जहां एक ओर रणवीर सिंह की एनर्जी, स्क्रीन प्रेजेंस और दमदार परफॉर्मेंस की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर फिल्म में अक्षय खन्ना का अभिनय दर्शकों और समीक्षकों का दिल जीत रहा है. खासतौर पर रहमान डकैत के किरदार में अक्षय खन्ना की गंभीर, सधी हुई और प्रभावशाली अदाकारी को फिल्म की सबसे बड़ी ताकतों में गिना जा रहा है.
सेलेब्स भी हुए अक्षय खन्ना के फैन
‘धुरंधर’ की रिलीज के बाद सिर्फ दर्शक ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के कई नामचीन सितारे भी अक्षय खन्ना की तारीफ करते नजर आए. अभिनेत्री अमीषा पटेल, तारा शर्मा और अभिनेता आर. माधवन समेत कई सेलेब्स ने सार्वजनिक तौर पर उनके अभिनय की सराहना की.
इन सितारों का मानना है कि अक्षय खन्ना ने अपने किरदार को किसी दिखावे के बिना, बेहद सहज और गहराई से निभाया है, जो लंबे समय तक दर्शकों के ज़हन में बना रहता है.
अरशद वारसी ने खोली अक्षय खन्ना की पर्सनालिटी की परतें
अब इस कड़ी में अक्षय खन्ना के को-एक्टर और मशहूर अभिनेता अरशद वारसी का नाम भी जुड़ गया है. हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में अरशद वारसी ने अक्षय खन्ना की न सिर्फ तारीफ की, बल्कि उनकी निजी सोच और जीवनशैली पर भी खुलकर बात की.
अरशद ने बताया कि अक्षय खन्ना उन कलाकारों में से हैं, जो लाइमलाइट, पीआर और बाहरी शोर-शराबे से दूर रहना पसंद करते हैं. उनके मुताबिक अक्षय अपनी ही दुनिया में खुश रहते हैं और किसी की राय से प्रभावित नहीं होते.
“वो अपनी दुनिया में रहता है”
अरशद वारसी ने इंटरव्यू में कहा, “वो बहुत सीरियस इंसान है और हमेशा से शानदार एक्टर रहा है. इसमें कभी कोई शक ही नहीं था. वो अपनी ही दुनिया में रहता है. उसे आप क्या सोचते हो, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता. वो किसी के बारे में नहीं सोचता. उसकी अपनी लाइफ है. आप मेरे बारे में क्या सोचते हो, वो आपकी समस्या है, मेरी नहीं, यही उसका नजरिया है.” इस बयान से साफ होता है कि अक्षय खन्ना अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने वाले कलाकार हैं, जिन्हें न तो ट्रेंड्स की परवाह है और न ही सोशल इमेज बनाने की चिंता.
पीआर और दिखावे से दूर रहने वाला कलाकार
अरशद वारसी ने आगे कहा कि अक्षय खन्ना को पीआर, प्रमोशन और इमेज बिल्डिंग जैसी चीजों में कभी दिलचस्पी नहीं रही. उन्होंने कहा, “वो अपनी लाइफ अपने हिसाब से जीता है. उसे पीआर से कोई फर्क नहीं पड़ता. वो पहले दिन से ऐसा ही है और पूरी जिंदगी ऐसा ही रहा है.” यही वजह मानी जाती है कि अक्षय खन्ना कम फिल्मों में नजर आते हैं, लेकिन जब भी स्क्रीन पर आते हैं, तो अपने किरदार से गहरी छाप छोड़ जाते हैं.
पुरानी दोस्ती और साथ काम करने का अनुभव
गौरतलब है कि अरशद वारसी और अक्षय खन्ना इससे पहले साल 2009 में आई फिल्म ‘शॉर्टकट: द कॉन इज ऑन’ में साथ काम कर चुके हैं. दोनों के बीच पुराना प्रोफेशनल रिश्ता रहा है, इसलिए अरशद का यह बयान अक्षय खन्ना की पर्सनालिटी को और विश्वसनीय बनाता है.
यह भी पढ़ें- महबूबा मुफ्ती समेत जम्मू-कश्मीर के कई नेता हाउस अरेस्ट, छात्रों के आंदोलन से पहले पुलिस का एक्शन