Dhurandhar Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर अक्सर ऐसा कम ही देखने को मिलता है कि कोई फिल्म धीमी शुरुआत के बावजूद धीरे-धीरे तूफान बन जाए, लेकिन आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ ने यही कर दिखाया है.
5 दिसंबर को रिलीज हुई यह फिल्म पहले रविवार को भले ही कोई बड़ा रिकॉर्ड नहीं बना पाई हो, लेकिन इसके बाद जिस तरह से इसकी कमाई ने रफ्तार पकड़ी है, उसने इंडस्ट्री के बड़े-बड़े रिकॉर्ड हिला दिए हैं. अब रिलीज के 17वें दिन भी फिल्म का क्रेज कायम है और तीसरे रविवार को भी यह नोट छापने में जुटी हुई है.
RECORD AFTER RECORD – 'DHURANDHAR' IS A ONE-HORSE RACE – BLOCKBUSTER RUN CONTINUES... #Dhurandhar is setting new benchmarks EVERY SINGLE DAY… Most importantly, despite being in its third week, the film has eclipsed the business of the just-released #Hollywood giant #Avatar in… pic.twitter.com/kc6AT40N41
— taran adarsh (@taran_adarsh) December 21, 2025
पहले रविवार से तीसरे रविवार तक बदली कहानी
‘धुरंधर’ का फर्स्ट संडे कलेक्शन 43 करोड़ रुपये रहा था. इस आंकड़े के साथ यह पहले रविवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में 13वें स्थान पर रही. उस वक्त किसी ने अंदाजा नहीं लगाया था कि यही फिल्म आने वाले दो रविवार को बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच देगी.
कमाल की बात यह है कि शुरुआती रविवार को साधारण प्रदर्शन करने वाली इस फिल्म ने दूसरे और तीसरे रविवार को उन फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने पहले दिन से ही जबरदस्त रिकॉर्ड बनाए थे.
अब तक का बॉक्स ऑफिस सफर
अगर ‘धुरंधर’ के कुल कलेक्शन पर नजर डालें तो आंकड़े चौंकाने वाले हैं. पहले हफ्ते में फिल्म ने 207.25 करोड़ रुपये की कमाई की. दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई और तेज हुई और यह आंकड़ा 253.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. 15वें दिन फिल्म ने 22.5 करोड़ और 16वें दिन 34.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया.
आज यानी 17वें दिन, दोपहर 3:25 बजे तक यह स्पाई थ्रिलर एक्शन-एडवेंचर फिल्म 15.22 करोड़ रुपये कमा चुकी है. इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 532.47 करोड़ रुपये हो गया है. हालांकि, सैक्निल्क पर उपलब्ध यह आंकड़ा अभी फाइनल नहीं है और इसमें बदलाव संभव है.
रविवार को ‘धुरंधर’ का दबदबा
रविवार के कलेक्शन की बात करें तो ‘धुरंधर’ ने यहां सबसे बड़ा उलटफेर किया है. दूसरे रविवार को फिल्म ने 58 करोड़ रुपये की कमाई की और अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ का सेकेंड संडे रिकॉर्ड तोड़ दिया. ‘पुष्पा 2’ ने हिंदी में दूसरे रविवार को 54 करोड़ रुपये कमाए थे.
अब तीसरे रविवार पर भी ‘धुरंधर’ का जलवा बरकरार है. इस दिन फिल्म सबसे पहले विक्की कौशल की ‘छावा’ को पीछे छोड़ने जा रही है, जिसने थर्ड संडे को 24.25 करोड़ रुपये कमाए थे. इतना ही नहीं, ‘धुरंधर’ अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ से भी तीसरे रविवार का नंबर-1 ताज छीनने के बेहद करीब है. ‘पुष्पा 2’ ने थर्ड संडे को 26.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर ‘धुरंधर’ इस आंकड़े से कहीं आगे निकलती नजर आ रही है.
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी ‘धुरंधर’ का जलवा कायम है. सैक्निल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 16 दिनों में 790.75 करोड़ रुपये का शानदार वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है. खास बात यह है कि यह उपलब्धि ऐसे समय में हासिल की गई है, जब दुनियाभर के सिनेमाघरों में हॉलीवुड की बड़ी फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ भी रिलीज हो चुकी है.
धीमी शुरुआत, मजबूत पकड़
‘धुरंधर’ की सबसे बड़ी ताकत इसकी मजबूत कहानी, दमदार निर्देशन और कलाकारों का प्रभावशाली प्रदर्शन माना जा रहा है. यही वजह है कि फिल्म का ग्राफ लगातार ऊपर की ओर जा रहा है. पहले रविवार पर भले ही कोई बड़ा रिकॉर्ड न बना हो, लेकिन अब यह फिल्म हर गुजरते रविवार के साथ नए मानक स्थापित कर रही है.
कुल मिलाकर, ‘धुरंधर’ ने यह साबित कर दिया है कि बॉक्स ऑफिस पर असली जीत वही फिल्म दर्ज करती है, जो लंबे समय तक दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचे रखे और फिलहाल इस रेस में ‘धुरंधर’ सबसे आगे चल रही है.
यह भी पढ़ें- Govinda Cameo in Avatar: अवतार 3 में दिखे गोविंदा...सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर; जानें क्या है सच्चाई?