घर कब आओगे... बॉर्डर-2 का पहला गाना रिलीज, 10.34 मिनट के सॉन्ग को सुनकर हो जाएंगे भावुक

Border 2 Songs: सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की मल्टीस्टारर फिल्म ‘बॉर्डर-2’ से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है. फिल्म का बहुप्रतीक्षित गाना ‘घर कब आओगे’ आखिरकार रिलीज कर दिया गया है.

bollywood Ghar Kab Aaoge song of Border-2 released 10.34 minute sunny deol
Image Source: Social Media

Border 2 Songs: सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की मल्टीस्टारर फिल्म ‘बॉर्डर-2’ से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है. फिल्म का बहुप्रतीक्षित गाना ‘घर कब आओगे’ आखिरकार रिलीज कर दिया गया है. हालांकि, फिलहाल मेकर्स ने सिर्फ गाने का ऑडियो वर्जन ही जारी किया है, विजुअल्स का दर्शकों को अभी इंतजार करना होगा.

गाने के रिलीज होने की जानकारी अभिनेता अहान शेट्टी और गीतकार मनोज मुंतशिर ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की. इसके बाद फैंस के बीच उत्साह और भावनाओं का सैलाब देखने को मिला. यह गाना मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर अनु मलिक के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है, जहां इसे काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है.

चार दिग्गज गायकों की आवाज का संगम

‘घर कब आओगे’ के नए वर्जन की सबसे बड़ी खासियत इसकी सिंगिंग है. इस गाने में सोनू निगम, अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा की आवाजें एक साथ सुनने को मिलती हैं. चार अलग-अलग टोन और स्टाइल के सिंगर्स की जुगलबंदी गाने को और भी भावुक और असरदार बना देती है.

पुराने गीत की आत्मा, लेकिन नए अंदाज में

इस गाने के बोल और म्यूजिक को पूरी तरह नए तरीके से तैयार किया गया है. हालांकि, मेकर्स ने ओरिजिनल गाने की ‘आत्मा’ को बरकरार रखने की कोशिश की है. कुछ धुनों को जानबूझकर पुराने गाने जैसा ही रखा गया है, ताकि दर्शकों को भावनात्मक जुड़ाव महसूस हो. वहीं, म्यूजिक अरेंजमेंट और टोन को पहले के मुकाबले ज्यादा सॉफ्ट और सेंसिटिव बनाया गया है.

10 मिनट से ज्यादा लंबा, हर शब्द में दर्द

करीब 10 मिनट 34 सेकंड लंबे इस गाने में देशभक्ति, जुदाई, इंतजार और परिवार की भावनाओं को बेहद गहराई से पिरोया गया है. गीत में देश की मिट्टी, मां की ममता, पत्नी की बिंदी और घर की याद जैसे कई भावनात्मक प्रतीकों का इस्तेमाल किया गया है. हर पंक्ति में सैनिकों और उनके परिवारों का दर्द साफ झलकता है.

ओरिजिनल और नए वर्जन में क्या फर्क

‘बॉर्डर’ फिल्म का ओरिजिनल गाना सोनू निगम और रूप सिंह राठौर ने गाया था. उस संस्करण में हाई पिच, गहराई और तीव्र भावनाएं देखने को मिली थीं. वहीं, ‘बॉर्डर-2’ में इस गाने को ज्यादा सॉफ्ट, मेलोडियस और दिल को छूने वाले अंदाज में पेश किया गया है. नया वर्जन ज्यादा शांत है, लेकिन इमोशन के स्तर पर उतना ही असरदार है.

फैंस को अब वीडियो का इंतजार

हालांकि ऑडियो रिलीज के बाद गाने को खूब सराहना मिल रही है, लेकिन फैंस अब इसके वीडियो रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. माना जा रहा है कि फिल्म के अहम सीन के साथ जब यह गाना स्क्रीन पर आएगा, तो इसका असर और भी गहरा होगा.

कुल मिलाकर, ‘घर कब आओगे’ का नया वर्जन पुरानी यादों को ताजा करने के साथ-साथ एक नई भावनात्मक परत जोड़ता है और ‘बॉर्डर-2’ के प्रति दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा देता है.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान को विदेश मंत्री जयशंकर का सख्त संदेश, आतंकवाद फैलाओगे तो जरूर मिलेगा जवाब