Tanya Mittal vs Jamie Lever: कॉमेडी और मिमिक्री की दुनिया में अपनी खास पहचान बना चुकीं जेमी लीवर आमतौर पर अपने वीडियो से लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाती हैं. लेकिन इस बार एक मिमिक्री वीडियो उनके लिए भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर हुई कड़ी आलोचना और ट्रोलिंग के बाद जेमी ने खुद को थोड़ा वक्त देने का फैसला किया है और सोशल मीडिया से ब्रेक लेने का ऐलान किया है.
जेमी लीवर ने सोशल मीडिया से दूरी बनाने की जानकारी इंस्टाग्राम पर एक लंबे और भावुक पोस्ट के जरिए दी. उन्होंने लिखा कि जो लोग उन्हें करीब से जानते हैं, वे समझते हैं कि वह अपने काम से कितनी जुड़ी हुई हैं और कितनी ईमानदारी से उसे करती हैं.
उन्होंने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें लोगों को खुशियां देने का मौका मिला और बीते वर्षों में मिले प्यार के लिए वह हमेशा आभारी रहेंगी. साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस सफर में उन्होंने यह सीखा है कि हर कोई आपके काम से खुश नहीं होता और हर कोई आपके साथ नहीं हंसता.
“जैसे अपना एक हिस्सा खो दिया हो”
अपने पोस्ट में जेमी ने साफ तौर पर बताया कि हाल की घटनाओं ने उन्हें अंदर से प्रभावित किया है. उन्होंने लिखा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उन्होंने अपना एक छोटा सा हिस्सा खो दिया हो.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह भावना गुस्से से नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और खुद को समझने की प्रक्रिया से आई है. जेमी ने कहा कि उन्हें अपना काम बेहद पसंद है और वह आगे भी लोगों को एंटरटेन करती रहेंगी, लेकिन फिलहाल वह खुद को थोड़ा आराम देना चाहती हैं. पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि वह अगले साल फिर लौटेंगी और फैंस के प्यार, दुआओं और सपोर्ट के लिए धन्यवाद दिया.
— Nehasharmanewsbytes (@nehuvk) December 25, 2025
क्या है पूरा विवाद
दरअसल, कुछ हफ्ते पहले जेमी लीवर ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह तान्या मित्तल की मिमिक्री करती नजर आई थीं. वीडियो में उनकी एक्टिंग इतनी प्रभावशाली थी कि कई लोगों को वह असली लगी. हालांकि, यह वीडियो तान्या मित्तल के कुछ फैंस को पसंद नहीं आया. इसके बाद सोशल मीडिया पर जेमी को जमकर ट्रोल किया गया, जिसने उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित किया और अंततः ब्रेक लेने का फैसला करने पर मजबूर किया.
यह भी पढ़ें- अब दिल्ली में सिर्फ 5 रुपये में मिलेगा भरपेट खाना, सीएम रेखा गुप्ता ने शुरू की 100 अटल कैंटीन; जानें मेन्यू