RJ Mahvash And Jitendra Kumar: सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी आरजे महवश अब बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं. उनकी पहली फिल्म ‘टेढ़ी है पर मेरी है’ की ऑफिशियल अनाउंसमेंट हो चुकी है और फिल्म के लीड रोल में उन्हें पॉपुलर वेब सीरीज ‘पंचायत’ के जितेंद्र कुमार के साथ देखा जाएगा.
महवश लंबे समय से सुर्खियों में रही हैं, खासकर क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के तलाक और उनके नाम से जुड़ी अफवाहों के बाद. हालांकि, महवश ने हमेशा इन अफवाहों को खारिज किया. अब सोशल मीडिया स्टार के तौर पर उनकी लोकप्रियता बॉलीवुड स्क्रीन पर धमाका करने के लिए तैयार है.
रेमो डिसूजा की प्रेजेंटेशन में रोमांस और जुनून
फिल्म को कोरियोग्राफर और डायरेक्टर रेमो डिसूजा प्रेजेंट कर रहे हैं. इस रोमांटिक ड्रामा को प्रदीप सिंह ने लिखा है और जयेश प्रधान डायरेक्ट करेंगे. साथ ही, फिल्म का संगीत नेशनल अवॉर्ड विनर इस्माइल दरबार ने दिया है. फिल्म का प्रोडक्शन ईशान शिल्पी वर्मा, विशाल त्यागी और अनवर अली खान कुरी स्टूडियो और शाइशा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले कर रहे हैं.
अनाउंसमेंट वीडियो में महवश और जितेंद्र के किरदार का खुलासा हुआ है. जितेंद्र गुलाब हकीम के किरदार में होंगे, जबकि महवश नगमा के रोल में नजर आएंगी. वीडियो में महवश की झलक अभी नहीं दिखाई गई, लेकिन जितेंद्र कुमार की एक तस्वीर और वॉइस ओवर के जरिए उनकी मौजूदगी का अंदाज़ा लगाया जा सकता है.
फिल्म की कहानी और पहली झलक
रेमो डिसूजा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "गुलाब और नगमा की मोहब्बत… एक ऐसी मोहब्बत जिसकी जान कम है, लेकिन जुनून ज्यादा है. कहानी मोड़ लेती है, और प्यार अपनी ज़िद दिखाता है." इस रोमांटिक और ट्विस्टेड लव स्टोरी में दर्शकों को पैशन, ड्रामा और प्यार के अलग रंग देखने को मिलेंगे.
शूटिंग और रिलीज़ की तैयारी
फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है. सोशल मीडिया पर अनाउंसमेंट वीडियो ने महवश के फैंस में उत्साह और उम्मीदें बढ़ा दी हैं. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सोशल मीडिया स्टार महवश बॉलीवुड स्क्रीन पर कितनी धूम मचाती हैं.
यह भी पढे़ं- अब इंग्लैंड में जलवा दिखाएंगे दिनेश कार्तिक, इस टीम ने बनाया बैटिंग कोच; बोले - सपना सच होने जैसा...