Border 2 Advance Booking: जेपी दत्ता की आइकॉनिक वॉर फिल्म बॉर्डर ने साल 1997 में देशभक्ति सिनेमा की एक अलग पहचान बनाई थी. अब करीब तीन दशक बाद उसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए बॉर्डर 2 बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है. 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. रिपब्लिक डे वीकेंड से ठीक पहले रिलीज होने के कारण फिल्म को लॉन्ग वीकेंड का सीधा फायदा मिलता नजर आ रहा है.
फिल्म के प्रमोशन में मेकर्स कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. ट्रेलर, गाने और लगातार सामने आ रहे अपडेट्स ने दर्शकों की एक्साइटमेंट को कई गुना बढ़ा दिया है. इसका असर अब सीधे एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में भी दिखने लगा है.
पहले ही दिन रिकॉर्ड बनाने की ओर
बॉर्डर 2 की एडवांस बुकिंग शुरू हुए अभी महज एक दिन ही हुआ है, लेकिन आंकड़े चौंकाने वाले हैं. शुरुआती 24 घंटों में ही फिल्म के 73 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. फिलहाल देशभर में इसके 11,042 शोज लिस्टेड हैं, जिनकी संख्या रिलीज के करीब आते-आते और बढ़ने की उम्मीद है.
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, एडवांस बुकिंग के जरिए फिल्म अब तक करीब 7.29 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है. इस रकम में ब्लॉक सीट्स भी शामिल हैं. रिलीज में अभी तीन दिन बाकी हैं और अगर यही रफ्तार बनी रही, तो बॉर्डर 2 एडवांस बुकिंग के दम पर ही कई फिल्मों के ओपनिंग डे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकती है.
ट्रेलर और गानों ने बढ़ाया जोश
हाल ही में रिलीज हुए बॉर्डर 2 के ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है. दमदार एक्शन, भावनात्मक सीन्स और देशभक्ति का तगड़ा तड़का फिल्म को खास बनाता दिख रहा है. इसके साथ ही फिल्म के गाने भी लोगों की जुबान पर चढ़ चुके हैं, जो इसके क्रेज को और मजबूत कर रहे हैं.
स्टारकास्ट भी है बड़ी ताकत
फिल्म की कास्टिंग भी इसकी बड़ी यूएसपी मानी जा रही है. बॉर्डर 2 में सनी देओल एक बार फिर अपने दमदार अंदाज में नजर आएंगे. उनके साथ दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन, अहान शेट्टी, मोना सिंह और सोनम बाजवा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. मजबूत स्टारकास्ट और देशभक्ति की थीम के चलते फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं.अब देखना दिलचस्प होगा कि बॉर्डर 2 रिलीज के बाद भी इसी तरह दर्शकों का दिल जीत पाती है या नहीं, लेकिन एडवांस बुकिंग के आंकड़े साफ इशारा कर रहे हैं कि यह फिल्म बड़ी ओपनिंग की ओर बढ़ चुकी है.
यह भी पढ़ें: तलाक की अफवाहों पर बोलीं नेहा कक्कड़, ‘मेरे पति को बेवजह मत घसीटो’; ट्रोलर्स को दिया जवाब