Border 2 Review: 29 साल पहले आई फिल्म ‘बॉर्डर’ ने देशभक्ति सिनेमा की जो लकीर खींची थी, वह आज भी उतनी ही गहरी है. अब उसी विरासत को आगे बढ़ाने ‘बॉर्डर 2’ बड़े परदे पर उतर चुकी है. टी-सीरीज के बैनर तले बनी इस फिल्म में सनी देओल एक बार फिर वर्दी में नजर आते हैं और उनके साथ नई पीढ़ी की पलटन मैदान-ए-जंग में कूदती है.
डायरेक्टर अनुराग सिंह की यह फिल्म सिर्फ एक वॉर ड्रामा नहीं, बल्कि उस भावना का विस्तार है जो हर हिंदुस्तानी के दिल में सरहद, मिट्टी और तिरंगे के लिए धड़कती है. फिल्म की पहली ही झलक में जब सनी देओल की दमदार एंट्री होती है, तो थिएटर सीटियों और तालियों से गूंज उठता है.
कहानी: जमीन, आसमान और समंदर पर लड़ी गई जंग
‘बॉर्डर 2’ की कहानी हमें सीधे 1971 के भारत-पाक युद्ध में ले जाती है. यह फिल्म केवल सीमा पर लड़ी गई लड़ाई तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उस दौर की कई अहम सैन्य घटनाओं को एक साथ जोड़ती है.
फिल्म में ऑपरेशन चंगेज खान के खिलाफ भारत की जवाबी कार्रवाई को दिखाया गया है. कहानी बैटल ऑफ पुंछ, बैटल ऑफ बसंतर और समंदर में INS खुकरी की सुरक्षा जैसी ऐतिहासिक घटनाओं को परदे पर जीवंत करती है.
लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कलेर (सनी देओल) अपनी 6 सिख रेजिमेंट के साथ दुश्मन के लिए काल बनकर उभरते हैं. उनके साथ मोर्चा संभालते हैं मेजर होशियार सिंह (वरुण धवन), जबकि आसमान से दुश्मन पर कहर बनकर टूटते हैं फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों (दिलजीत दोसांझ). समंदर में भारतीय नौसेना की कमान संभालते हैं लेफ्टिनेंट कमांडर एम.एस. रावत (अहान शेट्टी).
जल, थल और नभ तीनों मोर्चों पर लड़ी गई यह जंग सिर्फ हथियारों की नहीं, बल्कि हौसले, बलिदान और देशप्रेम की कहानी है.
निर्देशन: हर फ्रेम में देशभक्ति की आग
अनुराग सिंह का निर्देशन फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरता है. उन्होंने 1971 की जंग को सिर्फ इतिहास की किताबों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे भावनाओं के साथ जोड़कर परदे पर उतारा है.
फिल्म देखते हुए ऐसा महसूस होता है जैसे दर्शक खुद मोर्चे पर खड़े हैं- धूल, बारूद और गोलियों की गूंज हर सीन में महसूस होती है. अनुराग सिंह ने भव्य वॉर सीक्वेंस और मानवीय भावनाओं के बीच बेहतरीन संतुलन बनाया है.
यहां एक्शन केवल दिखावे के लिए नहीं है, बल्कि हर गोली और हर विस्फोट उस कीमत को याद दिलाता है जो एक सैनिक देश के लिए चुकाता है. फिल्म बार-बार यह एहसास कराती है कि जब सरहद पर जवान जागता है, तभी देश चैन की नींद सो पाता है.
‘बॉर्डर’ की विरासत को संभालना आसान नहीं था
जेपी दत्ता की ‘बॉर्डर’ जैसी आइकॉनिक फिल्म के बाद उसकी अगली कड़ी बनाना किसी भी निर्देशक के लिए बड़ी चुनौती थी. अनुराग सिंह ने इस जिम्मेदारी को न सिर्फ समझा, बल्कि उसे पूरी ईमानदारी से निभाया.
उन्होंने पुराने ‘बॉर्डर’ की आत्मा को बरकरार रखते हुए आधुनिक सिनेमा की तकनीक और ट्रीटमेंट के साथ कहानी को पेश किया है, जिससे नई पीढ़ी भी इससे जुड़ पाती है.
फिल्म के डायलॉग्स दमदार हैं और सीधे दिल पर वार करते हैं. कई संवाद ऐसे हैं जो थिएटर को स्टेडियम में बदल देते हैं. यही वजह है कि फिल्म खत्म होने के बाद भी देशभक्ति का असर देर तक बना रहता है.
एक्टिंग: सनी देओल की दहाड़, वरुण धवन का सरप्राइज
फिल्म की जान हैं सनी देओल. ‘बॉर्डर 2’ पूरी तरह उनके कंधों पर टिकी है और वह इसे पूरी मजबूती से संभालते हैं. उनकी दहाड़ आज भी वही असर रखती है, लेकिन इस बार वह सिर्फ गुस्सा नहीं दिखाते- वह हंसाते भी हैं और रुलाते भी हैं.
मेकर्स ने उन्हें महज यादों के सहारे नहीं रखा, बल्कि फिल्म की शुरुआत और अंत दोनों सनी देओल के साथ होता है. उनके भारी-भरकम डायलॉग्स पर थिएटर में आज भी गदर मचता है.
वरुण धवन फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज पैकेज साबित होते हैं. जिन लोगों को उनकी कास्टिंग पर शक था, उन्होंने अपनी गंभीर और दमदार परफॉर्मेंस से सबको चौंका दिया है. उनका किरदार जिम्मेदारी और जुनून का सही मेल है.
दिलजीत दोसांझ स्क्रीन पर ताजगी लेकर आते हैं. उनकी मौजूदगी फिल्म के तनावपूर्ण माहौल में राहत देती है. अहान शेट्टी ने भी पहले से ज्यादा मैच्योर और संतुलित अभिनय किया है.
मोना सिंह, मेधा राणा और सोनम बाजवा ने भले ही सीमित स्क्रीन टाइम पाया हो, लेकिन उनके किरदार कहानी को भावनात्मक गहराई देते हैं.
ये भी पढ़ें- आज शाम पूरे उत्तर प्रदेश में छा जाएगा अंधेरा, बजेगा हवाई हमले की चेतावनी वाला सायरन, क्या है तैयारी?