Border 2 To Chaloon Song: देशभक्ति से भरपूर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है. सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी जैसे सितारों से सजी यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. रिलीज से पहले मुंबई में फिल्म के तीसरे गाने ‘ऐ जाते हुए लम्हों का’ का म्यूजिक लॉन्च किया गया, जहां माहौल उस वक्त भावुक हो गया, जब सुनील शेट्टी अपने बेटे अहान शेट्टी को लेकर भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए.
12 जनवरी को आयोजित इस इवेंट में सुनील शेट्टी खास तौर पर बेटे अहान को सपोर्ट करने पहुंचे थे. मंच पर बात करते हुए उन्होंने अहान के करियर, संघर्ष और इस बड़ी फिल्म का हिस्सा बनने पर खुलकर दिल की बात कही. बातचीत के दौरान ‘अन्ना’ की आंखें भर आईं और वे भावुक हो गए.
अहान के लंबे ब्रेक पर बोले सुनील शेट्टी
सुनील शेट्टी ने बताया कि अहान के करियर में लगभग पांच साल का ब्रेक रहा, जिसे लोग अक्सर गलत नजरिए से देखते हैं. उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोगों को लगता है कि स्टार किड होने की वजह से अहान को सब कुछ आसानी से मिल गया होगा, लेकिन सच्चाई इससे काफी अलग है. अहान ने अपने हिस्से के संघर्ष खुद झेले हैं और हर कदम सोच-समझकर आगे बढ़ाया है.
‘ये सिर्फ यूनिफॉर्म नहीं है’
इवेंट में भावुक होते हुए सुनील शेट्टी ने कहा, यह उसकी दूसरी फिल्म है और ऐसी बड़ी फिल्म मिलना अपने आप में बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. मैंने अहान से कहा था कि यह सिर्फ एक यूनिफॉर्म नहीं है. आज अगर भारत तरक्की के लिए जाना जाता है, तो उसके पीछे हमारे जवानों का साहस है. हमें उनका शुक्रगुजार होना चाहिए.” उन्होंने आगे कहा कि जो भी काम करो, पूरे दिल और ईमानदारी से करो.
‘सुनील शेट्टी का बेटा है, तो…’ सोच पर जवाब
अपने बेटे को लेकर बनने वाली धारणाओं पर बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा कि पहली फिल्म के बाद अहान के करियर में ठहराव आया. जिंदगी में उतार-चढ़ाव हर किसी के हिस्से आते हैं, चाहे वह किसी भी बैकग्राउंड से क्यों न हो. उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि अहान को ‘बॉर्डर’ जैसी प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने का मौका मिला. इससे बेहतर प्लेटफॉर्म शायद किसी युवा कलाकार को मिलना मुश्किल है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अहान इस फिल्म के साथ पूरी तरह न्याय कर पाए होंगे.
23 जनवरी को सिनेमाघरों में ‘बॉर्डर 2’
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है. फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. देशभक्ति, इमोशन और बड़े स्टारकास्ट के साथ ‘बॉर्डर 2’ से दर्शकों को एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार अनुभव मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: कौन है तलविंदर? जिन्होंने किया दिशा पाटनी का 'पल-पल जीना मुहाल'! क्या कर रहे एक दूसरे को डेट?