Canada Gangster: अंतरराष्ट्रीय अपराध की दुनिया में एक बार फिर से भारत और कनाडा के बीच आपराधिक नेटवर्क को तोड़ने की खबर सामने आई है. कनाडा पुलिस ने गोल्डी ढिल्लो गैंग के सबसे बड़े गैंगस्टर सिप्पू को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि यह गिरफ्तारी दो दिन पहले ही हुई थी, लेकिन इसकी जानकारी अब सार्वजनिक हुई है. पुलिस फिलहाल उसकी भारत लाने की तैयारियों में जुटी है.
जांच में सामने आया है कि सिप्पू ने गोल्डी ढिल्लो के निर्देश पर बंधु मान सिंह को कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैप्स कैफे पर फायरिंग के लिए हथियार उपलब्ध करवाने का काम सौंपा था. यह गिरफ्तारी पूरे मामले की गंभीरता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले गैंग नेटवर्क की पहचान करने में अहम साबित हुई है.
कैप्स कैफे पर फायरिंग में बंधु मान सिंह की बड़ी भूमिका
जांच के मुताबिक बंधु मान सिंह ने फायरिंग करने वाले शूटरों दलजोत और गुरजोत को न सिर्फ हथियार, बल्कि वाहन भी उपलब्ध करवाए थे. ये शूटर जुलाई, अगस्त और अक्टूबर में कैप्स कैफे पर हमले कर चुके हैं. फिलहाल दोनों शूटर फरार बताए जा रहे हैं, लेकिन कनाडा पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है.
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने पहले ही लुधियाना से बंधु मान सिंह को गिरफ्तार किया था. जांच में पता चला कि बंधु मान सिंह इंडिया-कनाडा बेस्ड गोल्डी ढिल्लो गैंग का अहम खिलाड़ी है और उसने फायरिंग की योजना को अंजाम देने में निर्णायक भूमिका निभाई थी.
सीबे गैंगस्टर से बंधु मान सिंह का लिंक
दिल्ली पुलिस ने यह भी बताया कि बंधु मान सिंह का लिंक कनाडा में गिरफ्तार सीबे गैंगस्टर से भी था. यह साफ संकेत है कि भारत और कनाडा के अपराधी आपस में जुड़े हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के माध्यम से संगठित अपराध को अंजाम देते हैं.
इस लिंक ने यह भी उजागर किया कि इन गैंगस्टरों के नेटवर्क में गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की साझेदारी है. यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले संगठित अपराध का एक और उदाहरण साबित होता है.
गिरफ्तारी का असर, गैंग को बड़ा झटका
सिप्पू और बंधु मान सिंह की गिरफ्तारी ने इस आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है. पुलिस के मुताबिक अब फायरिंग की जड़ें और अपराध की साजिश अधिक स्पष्ट हो रही हैं. इसके बाद गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की गतिविधियों पर निगरानी और तेज हो गई है.
यह मामला यह भी दिखाता है कि भारत और विदेश में बैठे अपराधी किस तरह आपस में जुड़े हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए अपराध को अंजाम देते हैं. पुलिस अब इस केस में अगले कदमों की जांच में तेजी ला रही है ताकि बाकी शूटरों और अपराधियों को भी पकड़ा जा सके.
यह भी पढ़ें- भारत और अमेरिका के बीच MH-60R सीहॉक हेलीकॉप्टरों के लिए बड़ी डील, 7,995 करोड़ रुपये में हुआ सौदा