ट्रंप के टैरिफ के फैसले पर कनाडा का सख्त रुख, कार्नी बोले- अपने लोगों और व्यापार की करेंगे हर हाल में रक्षा

Cannada On Trump Tariff: अमेरिका द्वारा कनाडा से आयातित वस्तुओं पर 35% टैरिफ लगाए जाने के फैसले ने दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा दिया है. इस पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि उनकी सरकार अपने श्रमिकों और व्यापारिक हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

Cannada On Trump Tariff reply on 35 percent tarrif
Image Source: Social Media x

Cannada On Trump Tariff: अमेरिका द्वारा कनाडा से आयातित वस्तुओं पर 35% टैरिफ लगाए जाने के फैसले ने दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा दिया है. इस पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि उनकी सरकार अपने श्रमिकों और व्यापारिक हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

प्रधानमंत्री कार्नी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "कनाडा ने हमेशा अपने नागरिकों और व्यवसायों के हित में निर्णय लिए हैं और आगे भी यही नीति अपनाई जाएगी. मौजूदा व्यापार वार्ताओं के दौरान हम लगातार मज़बूती से अपने पक्ष को रख रहे हैं. 1 अगस्त की नई समयसीमा के मद्देनज़र हम हर आवश्यक कदम उठाएंगे."

अमेरिका के आरोप और ट्रंप का ऐलान


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ऐलान किया है कि 1 अगस्त से कनाडा से आयातित सभी वस्तुओं पर 35% आयात शुल्क लगाया जाएगा. ट्रंप ने इस फैसले की जानकारी एक पत्र के माध्यम से पीएम कार्नी को दी है. ट्रंप का आरोप है कि कनाडा की व्यापार नीतियां अमेरिका की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के लिए खतरा हैं, और वहां से फेंटानिल जैसे खतरनाक पदार्थों का अमेरिका में प्रवाह उनकी चिंता की प्रमुख वजह है.

कार्नी की दो टूक—मजबूत कनाडा का निर्माण जारी रहेगा


जवाब में प्रधानमंत्री कार्नी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "हमने उत्तर अमेरिका में फेंटानिल की भयावहता को रोकने के लिए उल्लेखनीय प्रगति की है और अमेरिका के साथ मिलकर लोगों की जान बचाने और समाज की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं." उन्होंने यह भी कहा कि कनाडा एक मजबूत, एकीकृत और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. केंद्र सरकार, प्रांतीय प्रशासन और क्षेत्रीय निकाय मिलकर कई नई परियोजनाएं शुरू करने को तैयार हैं और वैश्विक व्यापारिक साझेदारी को भी लगातार मज़बूत किया जा रहा है.

क्या आगे और बढ़ेगा तनाव?


ट्रंप प्रशासन के इस फैसले से कनाडा-अमेरिका व्यापार संबंधों में दरार आने की आशंका है. हालांकि कनाडा ने अब तक संयम बरता है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई पर भी विचार किया जा रहा है. फिलहाल, दोनों देशों के बीच जारी कूटनीतिक और व्यापारिक बातचीत इस तनाव को कम करने की दिशा में अहम साबित हो सकती है.

यह भी पढ़ें: कितना खतरनाक है चीन का सैटेलाइट नेटवर्क? ड्रैगन के स्पेस एयरक्राफ्ट और एंटी-सैटेलाइट हथियार से डरा अमेरिका!