CBSE Board Exam 2026: सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर छात्रों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की संशोधित समय-सारिणी आधिकारिक तौर पर जारी कर दी है. इससे पहले बोर्ड ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए 3 मार्च 2026 को होने वाली कुछ परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था, जिसके बाद छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई थी.
अब बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि 3 मार्च को होने वाले पेपर नई तारीखों पर आयोजित किए जाएंगे. छात्र संशोधित डेटशीट को सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर देख और डाउनलोड कर सकते हैं.
3 मार्च की परीक्षाओं पर फैसला, अब कब होंगे पेपर
सीबीएसई के अनुसार, कक्षा 10 और कक्षा 12 के जिन विषयों की परीक्षाएं पहले 3 मार्च 2026 को तय थीं, उन्हें प्रशासनिक कारणों से आगे बढ़ाया गया है. संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, कक्षा 10 की परीक्षाएं अब 11 मार्च 2026 को आयोजित की जाएंगी, जबकि कक्षा 12 की परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को कराई जाएगी. बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि बाकी विषयों की परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी.
कक्षा 10 की कौन-कौन सी परीक्षाएं बदली गईं
संशोधित डेटशीट के अनुसार, कक्षा 10 के कई क्षेत्रीय और विदेशी भाषाओं के पेपर अब 11 मार्च को होंगे. इनमें तिब्बती, भोटी, भुटिया, बोडो, तांगखुल, मिजो, कश्मीरी, जर्मन, जापानी, स्पेनिश और बहासा मलयू शामिल हैं. इसके अलावा एकेडमिक इलेक्टिव विषय जैसे एलिमेंट्स ऑफ बुक कीपिंग एंड अकाउंटेंसी की परीक्षा भी इसी दिन आयोजित की जाएगी.
पहली बार दो चरणों में होंगी कक्षा 10 की परीक्षाएं
सीबीएसई ने 2026 में एक बड़ा बदलाव करते हुए पहली बार कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं दो चरणों में कराने का फैसला लिया है. ये परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 15 जुलाई 2026 तक चलेंगी. वहीं, कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होंगी.
कक्षा 10 परीक्षा 2026: प्रमुख विषयों की तारीखें
कक्षा 10 की परीक्षाएं 17 फरवरी को गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) से शुरू होंगी. इसके बाद 18 फरवरी को रिटेल, सिक्योरिटी, ऑटोमोटिव, फाइनेंशियल मार्केट्स, टूरिज्म, एग्रीकल्चर, बैंकिंग, हेल्थ केयर और अन्य स्किल आधारित विषयों के पेपर होंगे. 21 फरवरी को इंग्लिश, 25 फरवरी को साइंस, 2 मार्च को हिंदी और 7 मार्च को सोशल साइंस की परीक्षा आयोजित की जाएगी. संशोधित कार्यक्रम के तहत 11 मार्च को क्षेत्रीय, विदेशी भाषाओं और अकाउंटेंसी से जुड़े विषयों के पेपर होंगे.
कक्षा 12 परीक्षा 2026: शेड्यूल और शिफ्ट टाइमिंग
कक्षा 12 की परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 तक चलेंगी. परीक्षाएं दो शिफ्ट में होंगी. पहली शिफ्ट सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी. मुख्य विषयों की बात करें तो 20 फरवरी को फिजिक्स, 28 फरवरी को केमिस्ट्री, 9 मार्च को गणित और एप्लाइड मैथमेटिक्स, 18 मार्च को इकोनॉमिक्स, 27 मार्च को बायोलॉजी और 28 मार्च को अकाउंटेंसी का पेपर होगा. वहीं, लीगल स्टडीज की परीक्षा अब 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी.
छात्रों को क्या करना चाहिए
सीबीएसई ने छात्रों को सलाह दी है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस और डेटशीट को ही मानें. परीक्षा की तैयारी करते समय बदली हुई तारीखों को ध्यान में रखते हुए अपना स्टडी प्लान तैयार करें.
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए गुड न्यूज़, अब गलत जवाब पर नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग