आज के डिजिटल युग में टेक्नोलॉजी और गैजेट्स का क्रेज बढ़ता जा रहा है. हर कोई चाहता है कि उसके पास सबसे नया और बेहतरीन स्मार्टफोन या टैबलेट हो. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि किसी का यह क्रेज उसकी जान पर भारी पड़ सकता है? चीन के एक 17 वर्षीय लड़के की कहानी इस बात का दर्दनाक उदाहरण है, जिसने महंगे गैजेट्स पाने के लिए अपनी एक किडनी तक बेच दी.
किडनी बेचकर खरीदा iPhone
वांग शांगकुन नाम का यह किशोर अपने दोस्तों की तरह नया iPhone और iPad पाने का सपना देखता था. लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उसका परिवार महंगे गैजेट्स खरीदने में असमर्थ था. इसी वजह से उसने गलत रास्ता चुना और ब्लैक मार्केट से अपनी किडनी बेच दी. इसके बदले में उसे करीब 22 हजार युआन मिले, जिनसे उसने iPhone 4 और iPad 2 खरीदा. उस वक्त उसे लगा कि उसने अपने सपने पूरे कर लिए, लेकिन ये खुशी लंबी नहीं चली.
अब जिंदगी डायलिसिस पर निर्भर
किडनी निकालने की सर्जरी अवैध तरीके से और अस्वच्छ माहौल में हुई थी. इसके चलते उसकी सेहत गंभीर रूप से प्रभावित हुई. जल्द ही उसकी दूसरी किडनी भी खराब होने लगी और आज वह डायलिसिस पर निर्भर है. उसकी हालत इतनी खराब है कि वह ज्यादातर समय बिस्तर पर ही रहता है. इस घटना ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया.
सोशल मीडिया पर लोगों के प्रतिक्रियाएं
इस खबर के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कई लोगों ने कहा कि “आईफोन हर साल नया आता है, लेकिन जिंदगी सिर्फ एक बार मिलती है.” वहीं कुछ ने टेक्नोलॉजी के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताई, कहा कि अब गैजेट्स सिर्फ फोन नहीं बल्कि स्टेटस सिंबल बन चुके हैं. एक यूजर ने इसे “दुनिया का सबसे महंगा आईफोन” तक कहा, क्योंकि इसकी कीमत एक जान की आंकी गई.
ये भी पढ़ें: जिस लड़ाकू विमान का प्रचार कर रहे ट्रंप, उससे यूरोप को हुआ मोहभंग; तुर्की के KAAN की बल्ले-बल्ले