South China Sea Tension: साउथ चाइना सी के ऊपर चीन के फाइटर जेट्स और बॉम्बर विमानों ने पहली बार सामूहिक फॉर्मेशन में गश्त की. इसे फिलीपींस, जापान और अमेरिका के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है. चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के सदर्न थिएटर कमांड ने कहा कि फिलीपींस ने बाहरी देशों के साथ जॉइंट पेट्रोलिंग की है, जिसका जवाब चीन ने अपने बॉम्बरों के सामूहिक प्रदर्शन से दिया.
साउथ चाइना सी पर चीन का दावा कई देशों के दावों के साथ टकराता है, जिनमें फिलीपींस, वियतनाम, मलेशिया, ब्रुनेई और ताइवान शामिल हैं. यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार और समुद्री मार्गों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. PLA के सीनियर कर्नल तियान जुनली ने चेतावनी दी कि फिलीपींस को भड़काऊ गतिविधियां तुरंत बंद करनी होंगी.
ताकत दिखाना और प्रभुत्व बनाए रखना
मिलिट्री विशेषज्ञों के अनुसार, बॉम्बर विमानों की इस गश्त का मकसद PLA की सामरिक ताकत और क्षेत्रीय प्रभुत्व का प्रदर्शन करना है. ये विमानों सतही जहाजों को प्रभावी तरीके से निशाना भी बना सकते हैं. पिछले कुछ महीनों में चीन और फिलीपींस की नौसेनाओं के बीच बार-बार टकराव हुआ है, जो दोनों देशों के क्षेत्रीय दावों की गहराई को दर्शाता है.
चीन-जापान तनाव भी बढ़ा
साउथ चाइना सी की घटनाओं के बीच चीन और जापान के बीच भी तनाव बढ़ रहा है. जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने चेतावनी दी है कि अगर चीन ताइवान पर हमला करता है, तो जापान सामूहिक आत्मरक्षा का इस्तेमाल कर सकता है. टोक्यो में किए गए सर्वेक्षण के अनुसार जनता का एक बड़ा हिस्सा रक्षा खर्च बढ़ाने और सामूहिक आत्मरक्षा अधिकार के समर्थन में है.
चीन ने इस पर भी कड़ा रुख अपनाया. PLA के अखबार ने लिखा कि जापान की नीति पूरे क्षेत्र को युद्ध की स्थिति में ला सकती है. चीन ने अपने नागरिकों को जापान यात्रा से सतर्क रहने की सलाह दी और वहां कड़ी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की.
यह भी पढ़ें- Bihar: समीक्षा बैठक के बाद तेज प्रताप यादव का बड़ा फैसला, NDA को नैतिक समर्थन देने का ऐलान