तकनीक की दुनिया हर दिन नई ऊंचाइयों को छू रही है. आज के समय में रोबोट न सिर्फ फैक्ट्रियों में काम कर रहे हैं, बल्कि घरों में खाना बनाना, होटल और रेस्टोरेंट में खाना परोसना जैसे काम भी बखूबी निभा रहे हैं. लेकिन अब रोबोट्स ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. पहली बार किसी ह्यूमनॉइड रोबोट ने पैदल चलकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
इस रिकॉर्ड से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक रोबोट फुटपाथ पर इंसानों की तरह चलते हुए लंबी दूरी तय कर रहा है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, इस ह्यूमनॉइड रोबोट ने कुल 106.286 किलोमीटर पैदल चलकर यह उपलब्धि हासिल की है.
तकनीक के लिए बड़ी चुनौती था पैदल चलना
अब तक माना जाता रहा है कि रोबोट के लिए लंबे समय तक इंसानों की तरह पैदल चलना बेहद मुश्किल है. संतुलन बनाए रखना, लगातार कदम बढ़ाना और रास्ते में आने वाली चुनौतियों से निपटना तकनीक के लिए एक बड़ी बाधा रहा है. लेकिन इस रिकॉर्ड ने यह साबित कर दिया है कि रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में तेजी से हो रहे विकास के चलते अब ऐसी सीमाएं भी टूट रही हैं.
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और लोगों ने इसे तकनीक की एक बड़ी कामयाबी बताया.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने शेयर किया वीडियो
इस अनोखे रिकॉर्ड का वीडियो इंस्टाग्राम पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक अकाउंट @guinnessworldrecords से शेयर किया गया है. खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को करीब 1.93 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि हजारों यूजर्स इसे लाइक कर चुके हैं. कमेंट सेक्शन में लोग अपने-अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
लोगों की मजेदार प्रतिक्रियाएं
वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कई दिलचस्प और मजेदार टिप्पणियां की हैं. किसी ने लिखा कि “लगता है अब हम रोबोट क्रांति की ओर बढ़ रहे हैं”, तो किसी ने सवाल किया कि “क्या यह रोबोट 1000 किलोमीटर तक चल पाएगा?”. वहीं एक यूजर ने मजाकिया लहजे में कहा, “अच्छा, अब रोबोट भी वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने लगे हैं.”
कुछ लोगों ने यह भी पूछा कि आखिर यह रोबोट पैदल चलते हुए कहां जा रहा था. कई यूजर्स ने इस उपलब्धि को भविष्य की झलक बताते हुए कहा कि आने वाले समय में रोबोट इंसानों के और भी ज्यादा करीब आ जाएंगे.
ये भी पढ़ें- बदलने वाली है गाजा की तस्वीर! समुद्र किनारे होंगे हाईराइज बिल्डिंग्स, क्या है ट्रंप का मास्टर प्लान?