Uttarkashi Cloudburst: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली में वर्ष 2025 के मानसून की सबसे भयावह बादल फटने की घटना ने पूरे क्षेत्र को दहलाकर रख दिया है. केवल 30 सेकेंड के भीतर आई भयंकर बाढ़ ने कई लोगों को बहा दिया है और अनगिनत लोग लापता हो गए हैं. लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ी इलाकों को संकट में डाल दिया है. घटनास्थल पर एसडीआरएफ, आर्मी और जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं.
10 मौतें, कई लापता
धराली के खीर गाड़ इलाके में अचानक बादल फटने से मलबे के साथ आई बाढ़ ने कई घरों को बहा दिया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक इस विनाशकारी घटना में 10 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 40 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं. करीब 100 लोग बाढ़ की चपेट में फंसे हुए हैं और राहत टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं.
धराली के पांच होटल हुए ध्वस्त
धराली स्थित गंगोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव पर खीर गंगा नदी में आई भारी बाढ़ से पांच होटल पूरी तरह तबाह हो गए हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि ऊपर के क्षेत्र में बादल फटने की वजह से बाढ़ आई है. इस विनाश ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि फंसे हुए कुछ पर्यटक भी हैं, जिनके बचाव के प्रयास जारी हैं.
सीएम पुष्कर सिंह धामी का बयान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा, "धराली में हुए नुकसान की खबर बेहद दुःखद है. राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं. मैं वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार नजर रख रहा हूं." उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और सुरक्षित निकास की कामना की.
जरूरी हेल्पलाइन नंबर जारी
जिला प्रशासन ने प्रभावितों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. कोई भी आवश्यक जानकारी या मदद के लिए 01374-222126, 01374-222722 और 9456556431 पर संपर्क कर सकता है.
ये भी पढ़ें: उत्तरकाशी के धराली में कुदरत का कहर, बादल फटने से मची भारी तबाही, 4 लोगों की मौत, कई लापता