Amit Shah Bihar Visit: बिहार विधानसभा चुनाव में सियासी तापमान तेज़ी से बढ़ता जा रहा है. इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बेगूसराय में आयोजित बड़ी चुनावी रैली में लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर जमकर निशाना साधा. शाह ने सीधे-सीधे कहा कि लालू और सोनिया अपने बेटे के लिए बड़े पद चाहते हैं, लेकिन बिहार में मुख्यमंत्री और देश में प्रधानमंत्री का पद खाली नहीं है. उनका साफ संदेश था, “अब आपके बेटों का नंबर नहीं लगेगा.”
अपने भाषण की शुरुआत शाह ने बिहार के महान राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर को श्रद्धांजलि देकर की. उन्होंने कहा कि दिनकर ने जयप्रकाश नारायण के साथ मिलकर आपातकाल के खिलाफ आवाज उठाई थी. इसके बाद उन्होंने लालू-राबड़ी शासन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार एक बार फिर “जंगलराज” के खतरे से गुजर रहा है. शाह ने दावा किया कि कभी औद्योगिक और उन्नत जिला बेगूसराय लालू-राबड़ी के शासन में अपराध और अपहरण की राजधानी बन गया था. वहीं, एनडीए सरकार ने विकास की नई राह पर बिहार को आगे बढ़ाया.
जब तक मोदी जी और नीतीश जी हैं, लालू यादव और सोनिया गांधी अपने बेटों के लिए सीएम और पीएम की कुर्सी भूल जाएं। pic.twitter.com/z6TA8OD99S
— Amit Shah (@AmitShah) October 29, 2025
घुसपैठियों और PFI पर हमला
अमित शाह ने कांग्रेस और आरजेडी पर घुसपैठियों को लेकर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और लालू यादव वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठियों के रक्षक बन गए हैं. शाह ने PFI का भी जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने देशभर में इस संगठन पर कार्रवाई की, जबकि लालू इन्हें जेल से रिहा कराने का सपना दिखा रहे हैं.
भ्रष्टाचार और विकास की तुलना
शाह ने लालू-राबड़ी और कांग्रेस पर घोटालों के आरोप भी लगाए. उनका कहना था कि लालू-राबड़ी राज में चारा घोटाला, बाढ़ राहत घोटाला और होटल घोटाला जैसे मामले आम थे. इसके उलट, मोदी और नीतीश कुमार के शासन में भ्रष्टाचार का कोई बड़ा मामला सामने नहीं आया. उन्होंने राम मंदिर निर्माण को भी मोदी सरकार की उपलब्धि बताया और जनता से एनडीए उम्मीदवारों को जिताने की अपील की.
यह भी पढ़ें- मुझे आजादी है, पर सावधानी... दिल्ली में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना, स्वदेश लौटने को लेकर बड़ा दिया