1984 के दंगों के 121 पीड़ित परिवारों को मिलेगी सरकारी नौकरी, CM नायब सैनी सौपेंगे नियुक्ति पत्र

हरियाणा में 1984 के सिख दंगों में शहीद हुए 121 लोगों के परिजनों को देव दीपावली के पावन अवसर पर नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे.

CM Saini to hand over government job appointment letters to 121 families affected by 1984 Sikh riots
Image Source: ANI

चंडीगढ़: हरियाणा में 1984 के सिख दंगों में शहीद हुए 121 लोगों के परिजनों को देव दीपावली के पावन अवसर पर नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे. यह खास कार्यक्रम 5 नवंबर को होगा, जो गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के तहत राज्य में आयोजित कई कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत भी है. पूरे नवंबर माह में विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षिक आयोजन पूरे प्रदेश में मनाए जाएंगे.

नौकरी नियुक्ति पत्र वितरण का विशेष आयोजन

5 नवंबर, देव दीपावली के दिन 1984 सिख दंगों के शहीदों के परिजनों को नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे. यह कदम सरकार की ओर से उनके प्रति सम्मान और समर्थन की भावना को दर्शाता है. मुख्यमंत्री इस अवसर पर स्वयं उपस्थित रहकर नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.

गुरु तेग बहादुर जी की याद में विविध कार्यक्रम

गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के मौके पर 1 से 25 नवंबर तक हरियाणा में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसकी शुरुआत अंबाला में 1 नवंबर को मुख्यमंत्री द्वारा रक्तदान शिविर के उद्घाटन से होगी. 3 नवंबर को स्कूली बच्चों के लिए गुरु तेग बहादुर के जीवन पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जो हिंदी, अंग्रेजी, पंजाबी और संस्कृत भाषाओं में होगी.

यात्रा और राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन

8 नवंबर को सिरसा के रोड़ी से अरदास यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री करेंगे. उसी दिन सिरसा की चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में गुरु तेग बहादुर और उनके साथियों के जीवन दर्शन पर राष्ट्रीय स्तर का सेमिनार होगा, जिसका उद्घाटन भी मुख्यमंत्री करेंगे. इस दौरान हिंदी और पंजाबी में एक टेबल बुक का विमोचन भी किया जाएगा.

मैराथन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

9 नवंबर को करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल "हिंद दी चादर" नामक मैराथन की शुरुआत करेंगे. इसके बाद पिंजौर, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर समेत कई अन्य क्षेत्रों में गुरु तेग बहादुर से जुड़ी यात्राएं और कार्यक्रम आयोजित होंगे. 18 नवंबर को यमुनानगर में वन एवं वन्य जीव संरक्षण केंद्र की आधारशिला रखी जाएगी, वहीं पेहवा में बंजारा और लुबाना समुदाय की स्मृति में विशेष कार्यक्रम होंगे.

समापन पर विशाल समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस के अवसर पर भव्य समारोह होगा. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री समेत कई गणमान्य हस्तियां शामिल होंगी. समारोह में 350 लड़कियां परंपरागत शैली में कीर्तन प्रस्तुत करेंगी. इसके अलावा सैंड आर्ट, म्यूजिकल शो, लाइट एंड साउंड शो जैसी मनोरंजक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी.

ये भी पढ़ें: बाप रे बाप! 15136008 करोड़ रुपए आया हलवाई की दुकान का बिजली बिल, देखते ही पैरों तले खिसक गई जमीन