उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार, 25 अक्टूबर 2025 को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का स्थलीय निरीक्षण किया. यह दौरा राज्य की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक की तैयारियों की समीक्षा के लिए था. इस दौरान सीएम ने एयरपोर्ट परिसर, डोमेस्टिक टर्मिनल, उद्घाटन समारोह स्थल, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन की बारीक समीक्षा की.
इस दौरान, सीएम योगी ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश के विकास का प्रतीक बनेगा, इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और समन्वय सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित अनुभव प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं. उन्होंने निर्देश दिये कि हवाई अड्डे के सभी कार्यों की प्रगति नियमित रूप से समीक्षा कर गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए.
अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के बोर्डरूम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) और एयरपोर्ट निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में परियोजना की वर्तमान प्रगति, आगामी कार्ययोजना और उद्घाटन समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तृत पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन पेश किया गया.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और यात्री सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयरपोर्ट से जुड़ी सड़क और मेट्रो लिंक परियोजनाओं को समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि यात्री सुविधा में कोई बाधा न आए.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
बैठक के दौरान यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने एयरपोर्ट के सुरक्षा प्रोटोकॉल, नागरिक उड्डयन, कंट्रोल यूनिट, और इंफ्रास्ट्रक्चर अपडेट्स की जानकारी दी. वहीं सीओओ किरण जैन ने रनवे, यात्री सुरक्षा, वायुसंचालन परीक्षण और CISF सुरक्षा तैनाती की रूपरेखा पेश की. मुख्यमंत्री ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूर्ण रूप से सुदृढ़ और चाक-चौबंद होनी चाहिए. किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य होगी.
कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री योगी ने एयरपोर्ट से सड़क और माल परिवहन संपर्क, अग्निशमन केंद्र, जल शोधन संयंत्र, जलभराव निस्तारण प्रणाली और वाहन पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की. इस दौरान NIAL के सीईओ राकेश कुमार सिंह और नोडल अधिकारी शैलेन्द्र भाटिया ने अब तक की प्रगति और कनेक्टिविटी सुधार कार्यों की जानकारी साझा की.
ये भी पढ़ें: 42 फुट ऊंचे खंभे पर लहराएगा 22 फीट लंबा ध्वज, जानें कैसा होगा राम मंदिर के शिखर पर लगने वाला केसरिया झंडा