Ayodhya News: रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव के शुभ अवसर पर एक बार फिर विकास की नई किरणें चमकने जा रही हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां करीब 1700 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे. लगभग 50 परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाकर शहर की प्रगति को गति देने का काम किया जाएगा. इन सभी योजनाओं का उद्घाटन राम कथा पार्क में होगा, जहां से अयोध्या के विकास की नई शुरुआत होगी.
परियोजनाओं से होगा शहर का कायाकल्प
अयोध्या में चल रही इन परियोजनाओं का दायरा बहुत व्यापक है. इनमें नए मेडिकल कॉलेज से लेकर बड़े पुलों और ओवरब्रिज तक शामिल हैं, जो शहर के परिवहन को सुगम बनाएंगे. यह योजनाएं न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएंगी बल्कि लोगों की जीवन गुणवत्ता में सुधार भी लाएंगी. तीन रेलवे ओवरब्रिज भी पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जिनका लोकार्पण मुख्यमंत्री दीपोत्सव के दौरान करेंगे.
रेलवे ओवरब्रिज: लंबाई और लागत
तीनों ओवरब्रिज शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने में अहम भूमिका निभाएंगे. पहला ओवरब्रिज कुल 662.310 मीटर लंबा है, जिसकी लागत लगभग 104 करोड़ रुपए है. दूसरा ओवरब्रिज सूर्यकुंड स्थित रेलवे क्रॉसिंग नंबर 105 पर बना है, जिसकी लंबाई 675 मीटर और लागत 115 करोड़ रुपए है. तीसरा ओवरब्रिज फैजाबाद-अकबरपुर मार्ग के फतेहगंज में तैयार है, जिसकी लंबाई 793.950 मीटर और लागत करीब 80 करोड़ रुपए है. इन तीनों ओवरब्रिज से अयोध्या की यातायात व्यवस्था में भारी सुधार होगा.
डीएम ने साझा की जानकारी
अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम ने बताया कि शासन से 1700 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सूची मांगी गई है, जिसे जल्द ही भेजा जाएगा. स्वीकृति मिलने के बाद इन योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का कार्य तेजी से शुरू हो जाएगा. इस बार के दीपोत्सव पर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज सहित कई बड़ी परियोजनाओं की भी घोषणा होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: यूपी वालों सावधान! गाड़ी से तुरंत हटाएं ये चीजें, नहीं तो पड़ जाएंगे लेने के देने, योगी सरकार ने जारी किया आदेश