यूपी में महिलाओं की नौकरियों में भागीदारी 50% होगी, स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी का बड़ा ऐलान

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष घोषणाएँ कीं. सीएम ने कहा कि राज्य में महिलाओं की नौकरियों में भागीदारी आने वाले समय में 50 प्रतिशत तक पहुंचाई जाएगी.

CM Yogi announces on Independence Day that women s participation in jobs in UP will reach 50%
Image Source: Social Media

Independence Day 2025: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष घोषणाएँ कीं. सीएम ने कहा कि राज्य में महिलाओं की नौकरियों में भागीदारी आने वाले समय में 50 प्रतिशत तक पहुंचाई जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि सरकार इस दिशा में पुलिस और अन्य विभागों के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है.

सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी 14 प्रतिशत से बढ़कर 35 प्रतिशत हो गई है. इसे और बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक ले जाया जाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाएं केवल नौकरियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सुरक्षा, प्रशासन और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी अहम योगदान दे रही हैं.  

स्कॉलरशिप योजना होगी शुरू

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. भीमराव आंबेडकर के जन्मदिन के अवसर पर विशेष स्कॉलरशिप योजना शुरू कर रही है. इसका उद्देश्य युवाओं और छात्राओं को शिक्षा और करियर में बेहतर अवसर प्रदान करना है. उन्होंने कहा कि भारत का ग्रोथ इंजन बनकर उत्तर प्रदेश उभरा है. दुश्मन के अड्डों को तहस-नहस लखनऊ में बनी मिसाइल ने कर दिया.

गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम का समापन

उन्होंने कहा कि लोगों कहते हैं यूपी विधानसभा में काम का माहौल कम होता है. विधानसभा में लगातार 36 घंटे इस बार चर्चा हुई. इस दौरान सीएम योगी ने विधानसभा पर झंडा फहराया. साथ ही उन्होंने परेड की सलामी ली. पगड़ी पहनकर योगी पहुंचे तो धोती-कुर्ते में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक नजर आए. गुब्बारे छोड़कर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का समापन सीएम योगी ने किया.

क्रांतिकारियों ने आजादी की लड़ाई में योगदान दिया

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह स्वतंत्रता केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है. उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और अन्य स्वाधीनता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक देश के प्रत्येक कोने से आए क्रांतिकारियों ने आजादी की लड़ाई में अपना योगदान दिया और भारत को एक सूत्र में बांधा.

योगी आदित्यनाथ ने कहा देश की आजादी असंख्य क्रांतिकारियों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है. आज हमें यह संकल्प लेना होगा कि हम उनकी विरासत को और सशक्त बनाएंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है. हमारा संविधान सामाजिक न्याय, बंधुता और समानता के संकल्पों को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है.

ये भी पढ़ें: UP: सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया ध्वजारोहण, कहा- स्वतंत्रता सिर्फ उत्सव नहीं, यह उत्तरदायित्व का संकल्प...