'पाताल से भी बदमाशों को ढूंढ निकालेंगे, डरने की जरूरत नहीं...', CM योगी ने दिशा पाटनी के पिता से की बात

उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के परिवार के घर पर हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.  हमलावर अभी तक फरार हैं, लेकिन राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपराधियों को सख्त सजा देने का वादा किया है.

CM Yogi Speaks to Disha Patani s Father Jagdish After Bareilly House Firing
File Image Source: Social Media

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के परिवार के घर पर हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.  हमलावर अभी तक फरार हैं, लेकिन राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपराधियों को सख्त सजा देने का वादा किया है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं दिशा पाटनी के पिता, रिटायर्ड पुलिस अधिकारी जगदीश सिंह पाटनी से फोन पर बात की. योगी ने परिवार को सुरक्षा का पूर्ण आश्वासन देते हुए कहा कि अपराधी चाहे पाताल में ही क्यों न छिपे हों, यूपी पुलिस उन्हें ढूंढ निकालेगी. उन्होंने जोर देकर कहा, "सरकार आपके साथ खड़ी है, डरने की कोई जरूरत नहीं."

दिशा पाटनी फिलहाल अमेरिका में एक कार्यक्रम के सिलसिले में गई हुई हैं, लेकिन उनके बरेली स्थित घर पर उनके पिता जगदीश सिंह, मां पद्मा, बहन खुशबू और भाई सूर्यांश मौजूद थे. रिटायर्ड आर्मी अधिकारी खुशबू पाटनी, जो सोशल मीडिया पर फिटनेस वीडियो शेयर करती हैं, इस घटना के केंद्र में हैं. कुछ समय पहले उन्होंने अनिरुद्धाचार्य बाबा के महिला विरोधी बयानों की आलोचना की थी, जिसके बाद से उन्हें धमकियां मिल रही थीं. फायरिंग के वक्त घर में मौजूद खुशबू ने बाद में एक वीडियो जारी कर सेल्फ-डिफेंस और सुरक्षा पर जोर दिया, कहते हुए कि आज के कलयुग में सावधानी बरतना जरूरी है. परिवार अब पुलिस सुरक्षा में है, लेकिन घटना ने उनके दैनिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोल्डी बरार गैंग ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है. गैंग के सदस्य वीरेंद्र चरण उर्फ रोहित गोदारा ने फेसबुक पर एक पोस्ट जारी कर दावा किया कि यह हमला खुशबू पाटनी के अनिरुद्धाचार्य और प्रेमानंद महाराज के खिलाफ बयान के जवाब में किया गया. पोस्ट में लिखा गया, 'वीरेंद्र चरण, महेंद्र सरन (डेलाना) हूं. आज दिशा पाटनी के घर पर जो गोलीबारी हुई, वह हमारी तरफ से हुई है. उन्होंने हमारे पूज्य संतों का अपमान किया है और हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की है.'

सोशल मीडिया पोस्ट में आगे लिखा गया कि, 'हमारे देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यह तो बस एक ट्रेलर था. अगर उसने या किसी और ने फिर से हमारे धर्म का अनादर किया, तो उसके घर का एक भी व्यक्ति जिंदा नहीं बचेगा. यह संदेश सिर्फ उसके लिए नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के सभी कलाकारों और उनसे जुड़े सभी लोगों के लिए है. अगर भविष्य में कोई भी हमारे धर्म और संतों के प्रति ऐसा अनादरपूर्ण कृत्य करता है, तो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें. हम अपने धर्म की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं. हम कभी पीछे नहीं हटेंगे. अपने धर्म और समाज की रक्षा करना हमारा प्राथमिक कर्तव्य है.'

ये भी पढ़ें: दो बार काटने वाले कुत्तों को होगी उम्रकैद, प्रयागराज में डॉग्स की आवारागर्दी पर लगेगी लगाम, पढ़ें पूरा फैसला