UP Toppers Reward: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के मेधावी छात्रों के लिए बड़ा ऐलान किया है. प्रदेश के अलग-अलग बोर्ड परीक्षाओं में टॉप करने वाले छात्रों को सरकार की तरफ से सम्मानित किया जाएगा. इन छात्रों को 1 जून को एक लाख रुपये, टैबलेट, मेडल और सम्मान पत्र दिया जाएगा. यह सम्मान एक बड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दिया जाएगा, जिसमें कई मेधावी छात्र शामिल होंगे.
कुल 223 छात्रों को मिलेगा सम्मान
इस बार कुल 223 टॉपर छात्रों को इनाम दिया जाएगा. इनमें यूपी बोर्ड के साथ-साथ सीबीएसई, CISCE और संस्कृत बोर्ड के छात्र भी शामिल हैं. यूपी बोर्ड हाईस्कूल के 115 और इंटरमीडिएट के 23 छात्रों को सम्मान मिलेगा.
वहीं सीबीएसई बोर्ड के 31, CISCE बोर्ड के 33 और संस्कृत बोर्ड के 21 टॉपर छात्रों को भी पुरस्कार दिया जाएगा. सरकार का कहना है कि मेधावी छात्रों को सम्मान देने से दूसरे बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी.
जिला स्तर पर भी होगा सम्मान समारोह
राज्य स्तर के साथ-साथ जिला स्तर पर भी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा. उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे. इन कार्यक्रमों में हर जिले के टॉप-10 छात्रों को सम्मान दिया जाएगा. जानकारी के मुताबिक करीब 1,459 छात्रों को इसके लिए चुना गया है. इन सभी छात्रों को 21 हजार रुपये, मेडल और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.
ज्यादा किताबें पढ़ने वाले छात्रों को मिलेगा खास अवॉर्ड
सरकार अब बच्चों में पढ़ने की आदत बढ़ाने पर भी जोर दे रही है. सरकारी प्राइमरी और जूनियर स्कूलों में लाइब्रेरी से सबसे ज्यादा किताबें पढ़ने वाले बच्चों को ‘चैंपियन रीडर’ अवॉर्ड दिया जाएगा. इसके लिए ‘सुपर-20’ और ‘सुपर-30’ रीडिंग चैलेंज शुरू करने की तैयारी चल रही है.
अखबार पढ़ने के लिए भी किया जाएगा प्रेरित
स्कूलों में बच्चों को रोज अखबार पढ़ने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा. सरकार का मानना है कि इससे बच्चों की पढ़ने की आदत मजबूत होगी और उनका सामान्य ज्ञान भी बढ़ेगा. इस पहल का मकसद सिर्फ परीक्षा में अच्छे नंबर लाना नहीं, बल्कि बच्चों को पढ़ाई और जानकारी से जोड़ना भी है.
ये भी पढ़ें- बाराबंकी में भयानक सड़क हादसा, ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार इनोवा, कैंची धाम जा रहे 4 श्रद्धालुओं की मौत