शाहिद-कृति और रश्मिका की तिकड़ी का कमाल, रिलीज से पहले 'कॉकटेल 2' ने की ताबड़तोड़ कमाई

Cocktail 2 Collection Before Release: बॉलीवुड में इन दिनों जिस फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर 'कॉकटेल 2'. साल 2012 में आई हिट फिल्म 'कॉकटेल' के सीक्वल के रूप में तैयार की गई यह फिल्म रिलीज से पहले ही सुर्खियों में छाई हुई है.

Cocktail 2 Collection Before Release shahid kapoor kriti sanon rashmika mandanna
Image Source: Social Media

Cocktail 2 Collection Before Release: बॉलीवुड में इन दिनों जिस फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर 'कॉकटेल 2'. साल 2012 में आई हिट फिल्म 'कॉकटेल' के सीक्वल के रूप में तैयार की गई यह फिल्म रिलीज से पहले ही सुर्खियों में छाई हुई है. हाल ही में मुंबई में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म ने सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही अपने बजट का लगभग आधा हिस्सा वसूल कर लिया है, जिससे इसकी सफलता को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं.

150 करोड़ के बजट में बनी है फिल्म

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'कॉकटेल 2' बॉलीवुड की सबसे महंगी रोमांटिक फिल्मों में गिनी जा रही है. फिल्म का कुल बजट करीब 150 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इसमें निर्माण लागत लगभग 95 करोड़ रुपये है, जबकि फिल्म के तीनों प्रमुख कलाकार शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की फीस मिलाकर करीब 35 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं.

इसके अलावा फिल्म के प्रचार-प्रसार और मार्केटिंग पर भी बड़ी रकम खर्च की गई है. बताया जा रहा है कि विज्ञापन और प्रमोशनल गतिविधियों के लिए करीब 20 करोड़ रुपये का बजट रखा गया था, जिससे फिल्म को रिलीज से पहले ही व्यापक चर्चा मिल चुकी है.

रिलीज से पहले ही हुई करोड़ों की कमाई

फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धि इसकी प्री-रिलीज कमाई मानी जा रही है. थिएट्रिकल, डिजिटल और म्यूजिक राइट्स की बिक्री के जरिए मेकर्स ने करीब 75 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. यानी फिल्म ने रिलीज से पहले ही अपने कुल बजट का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा रिकवर कर लिया है. फिल्म इंडस्ट्री के जानकार इसे सकारात्मक संकेत मान रहे हैं. उनका कहना है कि यदि ओपनिंग अच्छी रहती है तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन कर सकती है.

बड़े पैमाने पर तैयार किया गया प्रोजेक्ट

निर्माता दिनेश विजन ने इस फिल्म को बेहद भव्य अंदाज में तैयार किया है. फिल्म की शूटिंग दुनिया के कई खूबसूरत देशों और लोकेशंस पर की गई है. खास बात यह रही कि पूरी शूटिंग महज 70 दिनों के भीतर पूरी कर ली गई.

फिल्म में रोमांस के साथ-साथ विजुअल अपील, म्यूजिक और स्टाइलिंग पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. मेकर्स का लक्ष्य दर्शकों को एक ऐसी रोमांटिक फिल्म देना है, जो बड़े पर्दे पर शानदार सिनेमाई अनुभव प्रदान कर सके.

कृति और रश्मिका को लेकर क्यों उड़ी अफवाह?

फिल्म के ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ यूजर्स ने दावा किया कि फिल्म में कृति सेनन और रश्मिका मंदाना के बीच एक लेस्बियन लव स्टोरी दिखाई गई है. हालांकि ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म की टीम ने इन अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया.

कृति सेनन ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखते हुए कहा कि समाज अक्सर दो लड़कियों की गहरी दोस्ती को भी अलग नजरिए से देखने लगता है. उन्होंने कहा कि अगर दो लड़के साथ दिखाई दें तो उन्हें दोस्त माना जाता है, लेकिन दो लड़कियों के मामले में लोग अलग तरह के निष्कर्ष निकालने लगते हैं.

निर्देशक ने बताया अफवाह का सच

फिल्म के निर्देशक होमी अदजानिया ने भी इस विषय पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान कृति और रश्मिका की दोस्ती काफी मजबूत हो गई थी. दोनों अक्सर साथ समय बिताती थीं और उनकी केमिस्ट्री शानदार थी.

होमी ने कहा कि सेट पर मजाक-मजाक में यह चर्चा शुरू हुई थी कि अगर कहानी का फोकस इन दोनों किरदारों पर हो और शाहिद कपूर बीच में आ जाएं तो क्या होगा. इसी मजाक ने बाद में अफवाह का रूप ले लिया, जबकि फिल्म की कहानी का इससे कोई संबंध नहीं है.

इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी 'कॉकटेल 2' 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. ट्रेलर और गानों को मिल रही प्रतिक्रिया को देखते हुए फिल्म से काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद यह रोमांटिक ड्रामा बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा कमाल दिखा पाती है.

ये भी पढ़ें: अगर पसंद है हाई-वोल्टेज एक्शन, तो OTT पर मौजूद ये फिल्में बिल्कुल न करें मिस, OTT पर काट रही बवाल