लैटिन अमेरिका में तनाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने वेनेजुएला की राजधानी काराकास पर मिसाइल हमले किए जाने का दावा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सतर्क रहने की चेतावनी दी है. राष्ट्रपति पेट्रो ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस वक्त काराकास पर हवाई हमले हो रहे हैं और वेनेजुएला पर सीधा हमला किया गया है.
अपने संदेश में पेट्रो ने लिखा कि मिसाइलों के जरिए बमबारी की जा रही है, जो वेनेजुएला की संप्रभुता और वहां के नागरिकों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है. उन्होंने इस मामले पर तुरंत वैश्विक प्रतिक्रिया की जरूरत बताते हुए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से हस्तक्षेप की मांग की है.
UN और OAS से तत्काल बैठक बुलाने की अपील
राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए संयुक्त राष्ट्र (UN) और ऑर्गनाइजेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट्स (OAS) से आपात बैठक बुलाने की अपील की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो यह हमला पूरे क्षेत्र में अस्थिरता फैला सकता है.पेट्रो ने साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की सैन्य कार्रवाई क्षेत्रीय शांति और नागरिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को तुरंत हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रण में लाना चाहिए.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ राष्ट्रपति का बयान
गुस्तावो पेट्रो का यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसके बाद वैश्विक स्तर पर काराकास की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई. अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकारों का मानना है कि अगर इन हमलों की पुष्टि होती है, तो इससे कूटनीतिक तनाव और सैन्य टकराव की आशंका और गहरी हो सकती है.हालांकि अब तक हमले को लेकर कोई आधिकारिक और विस्तृत पुष्टि सामने नहीं आई है. वेनेजुएला सरकार और स्थानीय प्रशासन हालात का आकलन कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुटे हुए हैं.
धमाकों से दहशत, सड़कों पर उतरे लोग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार 3 जनवरी की तड़के काराकास में कई जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद शहर में अफरा-तफरी मच गई. धमाकों से घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसमान में काले धुएं के गुबार उठते देखे गए और कुछ इलाकों में सैन्य विमानों की गतिविधियां भी नजर आईं. शहर के दक्षिणी हिस्से में स्थित एक बड़े सैन्य अड्डे के आसपास बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे इलाके में अंधेरा और भय का माहौल बन गया.
हालात अब भी तनावपूर्ण
लगातार विस्फोटों और बिजली गुल होने की घटनाओं से नागरिकों में डर और अनिश्चितता बनी हुई है. प्रशासन लोगों से संयम बरतने की अपील कर रहा है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन राष्ट्रपति पेट्रो की चेतावनी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान वेनेजुएला की ओर खींच लिया है और आने वाले घंटों में इस मुद्दे पर वैश्विक प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: Venezuela: वेनेजुएला की राजधानी में कई धमाके, बिजली हुई गुल... क्या अमेरिका ने कर दिया हमला? VIDEO