Nepal Violence: पड़ोसी देश नेपाल में एक बार फिर सांप्रदायिक हिंसा का माहौल बन गया है. सोशल मीडिया पर एक विवादास्पद वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुए तनाव ने धीरे-धीरे दक्षिणी नेपाल के पर्सा और धनुषा जिलों में हिंसक रूप ले लिया. मस्जिदों में तोड़फोड़ और धार्मिक ग्रंथों के अपमान की घटनाओं ने हालात को और बिगाड़ दिया, जिसके चलते बीरगंज जैसे महत्वपूर्ण व्यापारिक शहर में कर्फ्यू तक लगाने की नौबत आ गई.
नेपाल में फैली इस अशांति का सीधा असर भारत-नेपाल सीमा पर भी देखा जा रहा है. सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. इस हिंसा के कारण बड़ी संख्या में भारतीय मजदूरों को नेपाल से पलायन करना पड़ा है.
कैसे हुआ विवाद का आगाज?
यह विवाद नेपाल के धनुषा जिले के कमला नगरपालिका से शुरू हुआ. यहां एक मस्जिद में तोड़फोड़ और धार्मिक ग्रंथों को जलाए जाने की खबरें सामने आईं, जिससे मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए. इसके बाद हिंदू संगठनों ने भी जवाबी प्रदर्शन शुरू किया, जिसमें देवी-देवताओं के अपमान का आरोप लगाया गया. दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी और आगजनी ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया. प्रशासन की मुश्किलें बढ़ी और इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई.
भारत-नेपाल सीमा पर कड़ी सुरक्षा और SSB का अलर्ट
नेपाल में बढ़ते तनाव के कारण भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह से सील कर दी गई है. मैत्री पुल सहित सभी प्रमुख सीमा बिंदुओं पर आवाजाही रोक दी गई है. सीमा सुरक्षा बल (SSB) ने अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की हैं और इलाके में गश्त बढ़ा दी है. इसके अलावा डॉग स्क्वायड के जरिए संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है ताकि नेपाल की हिंसा का असर भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में न फैले.
बीरगंज में कर्फ्यू की स्थिति
नेपाल के व्यापारिक शहर बीरगंज में स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि प्रशासन ने अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा और लाठीचार्ज करना पड़ा. इस झड़प में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबरें हैं. शहर के सभी बाजार, दुकानें और शैक्षणिक संस्थान बंद हैं. प्रशासन ने कर्फ्यू के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है ताकि शांति स्थापित की जा सके.
भारतीय मजदूरों का पलायन
नेपाल में जारी इस हिंसा ने वहां काम कर रहे भारतीय मजदूरों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है. सुरक्षा की स्थिति बिगड़ने और कामकाजी गतिविधियों के ठप होने के कारण बड़ी संख्या में भारतीय मजदूर नेपाल से लौटने लगे हैं. बीरगंज और इसके आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है, जिससे ये मजदूर अपनी जान को खतरे में महसूस कर रहे हैं.
प्रशासन ने शांति की अपील की
नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन दोनों ही समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले वीडियो और धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जा रहा है ताकि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में हो. नेपाल सरकार ने यह आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही स्थिति सामान्य होगी.
ये भी पढ़ें: आंख के ऊपर और माथे पर बैंडेज, पसली टूटी... अमेरिका ने मादुरो की पत्नी किया ऐसा हाल, देखें VIDEO