Narendra Modi On Jawaharlal Nehru: एनडीए की संसदीय दल की बैठक मंगलवार को दिल्ली स्थित संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग में आयोजित की गई, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति पद के एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का औपचारिक स्वागत किया और उन्हें बधाई दी. इस अवसर पर सभी सांसदों ने राधाकृष्णन से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं.
बैठक में जहां पीएम मोदी ने अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय प्रगति की दिशा में उठाए गए कदमों की चर्चा की, वहीं उन्होंने ऐतिहासिक सिंधु जल संधि का ज़िक्र कर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस पर तीखा हमला भी बोला.
“भारत का पानी पाकिस्तान को सौंप दिया गया”
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नेहरू ने बिना संसद और मंत्रिमंडल की मंजूरी के पाकिस्तान को 86 करोड़ रुपये दे दिए और भारत के हिस्से का लगभग 80 प्रतिशत पानी पाकिस्तान को चला गया. उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक भूल का खामियाजा आज भी जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों को उठाना पड़ रहा है. प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार अब उन भूलों को सुधारने की दिशा में काम कर रही है, जिससे देश के किसानों और नागरिकों को न्याय मिल सके.
“18 साल बाद भारत की रेटिंग सुधरी”
अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर पीएम मोदी ने बैठक में बताया कि भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर उसका प्रभाव मज़बूत हो रहा है. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अमेरिकी रेटिंग एजेंसी S&P ने करीब 18 वर्षों बाद भारत की क्रेडिट रेटिंग में सुधार किया है, जो देश की आर्थिक नीतियों पर अंतरराष्ट्रीय भरोसे का संकेत है.
सीपी राधाकृष्णन के लिए सर्वसम्मति की अपील
बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सभी दलों से अपील की है कि वे सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए सर्वसम्मति से समर्थन दें. रिजिजू ने कहा कि राधाकृष्णन न सिर्फ एक सुलझे हुए और साफ छवि वाले नेता हैं, बल्कि उनका पूरा जीवन विवादों से दूर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दलों से भी यह उम्मीद की गई है कि वे सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और एकमत से इस महत्वपूर्ण पद के लिए समर्थन दें.
यह भी पढ़ें- ट्रंप की नींद हुई हराम! भारत-चीन के बीच खत्म हो रही खटास, वांग यी ने कहा- अतीत की कटुता से आगे