IPL ऑक्शन में इस खिलाड़ी को लेकर CSK और राजस्थान रॉयल्स भिड़े, 7.20 करोड़ में RR ने बाजी जीती

Ravi Bishnoi IPL Auction: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मिनी ऑक्शन में भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई का नाम आते ही माहौल गर्म हो गया. पिछले सीजन तक लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलने वाले बिश्नोई इस बार नए सफर के लिए मैदान में उतरे और ऑक्शन में उन्हें लेकर कई फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली.

CSK Rajasthan Royals clashed over Ravi Bishnoi in IPL 2026 auction 7.20 crores
Image Source: Social Media

Ravi Bishnoi IPL Auction: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मिनी ऑक्शन में भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई का नाम आते ही माहौल गर्म हो गया. पिछले सीजन तक लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलने वाले बिश्नोई इस बार नए सफर के लिए मैदान में उतरे और ऑक्शन में उन्हें लेकर कई फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. आखिरकार राजस्थान रॉयल्स ने 7 करोड़ 20 लाख रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया.

रवि बिश्नोई ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस के साथ उतरे थे. उनके नाम की घोषणा होते ही सबसे पहले राजस्थान रॉयल्स ने बोली की शुरुआत की. इसके तुरंत बाद पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स भी रेस में शामिल हो गई. दोनों टीमों के बीच बोली 6 करोड़ रुपये तक पहुंच गई.

जब चेन्नई सुपर किंग्स ने पीछे हटने का फैसला किया, तब सनराइजर्स हैदराबाद ने भी दावेदारी ठोक दी. इसके बाद राजस्थान और सनराइजर्स के बीच कुछ देर तक खींचतान चली और अंत में राजस्थान रॉयल्स ने 7.20 करोड़ रुपये की अंतिम बोली लगाकर बिश्नोई को अपने खेमे में कर लिया.

लखनऊ से राजस्थान तक का सफर, कीमत में आई गिरावट

पिछले आईपीएल सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रवि बिश्नोई को 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. इस लिहाज से देखा जाए तो इस बार ऑक्शन में उनकी कीमत में करीब 3 करोड़ 80 लाख रुपये की गिरावट आई. हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के लिए यह सौदा रणनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है.

युजवेंद्र चहल की कमी को भरने की तैयारी

राजस्थान रॉयल्स ने रवि बिश्नोई को शामिल कर घरेलू पिचों पर अपनी स्पिन गेंदबाजी को मजबूती देने की कोशिश की है. पिछले सीजन में टीम को युजवेंद्र चहल की गैरमौजूदगी खली थी और अब बिश्नोई को उसी भूमिका के लिए देखा जा रहा है. उनकी तेज रफ्तार लेग स्पिन और फ्लैट ट्रैजेक्टरी बल्लेबाजों को बांधने में मदद कर सकती है.

जडेजा-बिश्नोई की नई स्पिन जोड़ी से बढ़ी ताकत

ऑक्शन से पहले राजस्थान रॉयल्स ने एक बड़े ट्रेड के तहत रविंद्र जडेजा को अपनी टीम में शामिल किया था. जडेजा को चेन्नई सुपर किंग्स से ट्रेड किया गया, जबकि इसके बदले संजू सैमसन को सीएसके भेजा गया. अब जडेजा के साथ रवि बिश्नोई की जोड़ी राजस्थान की स्पिन आक्रमण को संतुलन और गहराई देने वाली मानी जा रही है.

इस तरह राजस्थान ने एक स्पेशलिस्ट भारतीय स्पिनर की जरूरत को पूरा कर लिया है, जो मध्य ओवरों में रन रोकने के साथ-साथ विकेट निकालने की क्षमता भी रखता है.

घरेलू पिचों पर मजबूत रिकॉर्ड और ऑल-राउंड स्किल

रवि बिश्नोई का भारतीय परिस्थितियों में प्रदर्शन हमेशा प्रभावशाली रहा है. वह न सिर्फ एक आक्रामक स्पिनर हैं, बल्कि एक शानदार फील्डर भी माने जाते हैं. इसके अलावा निचले क्रम में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता टीम के लिए अतिरिक्त बोनस साबित हो सकती है.

आईपीएल करियर पर एक नजर

रवि बिश्नोई अब तक आईपीएल में दो फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं और राजस्थान रॉयल्स उनके करियर की तीसरी टीम होगी. उन्होंने अब तक 77 आईपीएल मुकाबलों में हिस्सा लिया है, जिसमें 31.06 की औसत से 72 विकेट अपने नाम किए हैं. टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 24 रन देकर 3 विकेट रहा है.

साल 2023 का सीजन बिश्नोई के लिए खास रहा था, जब उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए 16 विकेट झटके और टीम के सबसे सफल गेंदबाज बने थे.

IPL 2025 में औसत रहा प्रदर्शन

अगर पिछले आईपीएल सीजन की बात करें तो रवि बिश्नोई का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. आईपीएल 2025 में उन्होंने लखनऊ के लिए 11 मैच खेले और सिर्फ 9 विकेट हासिल कर पाए. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 रन देकर 2 विकेट रहा. माना जा रहा है कि इसी औसत प्रदर्शन के चलते लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें रिलीज करने का फैसला किया.

यह भी पढ़ें- बाइक, TV और 15,000 रुपये के लिए युवती को जिंदा जलाया, सुप्रीम कोर्ट पहुंचा दहेज का ये दर्दनाक मामला