जिस खिलाड़ी पर CSK ने खर्च किए 14.2 करोड़ रुपये, उसने विजय हजारे ट्रॉफी में मचाया गदर; डेब्यू में बना धुंरधर

Prashant Veer: आईपीएल 2026 के ऑक्शन में जहां ज्यादातर फ्रेंचाइजियों ने स्थापित स्टार खिलाड़ियों पर भरोसा जताया, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स एक अलग रणनीति के साथ उतरी. सीएसके ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा और उभरते खिलाड़ियों पर बड़ा निवेश किया.

CSK spent Rs 14.2 crore on all-rounder Prashant Veer created ruckus in Vijay Hazare Trophy 2025
Image Source: Social Media

Prashant Veer: आईपीएल 2026 के ऑक्शन में जहां ज्यादातर फ्रेंचाइजियों ने स्थापित स्टार खिलाड़ियों पर भरोसा जताया, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स एक अलग रणनीति के साथ उतरी. सीएसके ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा और उभरते खिलाड़ियों पर बड़ा निवेश किया. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर फ्रेंचाइजी ने 14.2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली लगाई. यह फैसला ऑक्शन के बाद से ही चर्चा में रहा और अब घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने इस भरोसे को और मजबूत कर दिया है.

प्रशांत वीर ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले दिन लिस्ट-ए क्रिकेट में पदार्पण किया. उत्तर प्रदेश और हैदराबाद के बीच खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने पहली बार इस फॉर्मेट में मैदान पर कदम रखा. डेब्यू मैच में ही उनका प्रदर्शन ऐसा रहा कि क्रिकेट जगत का ध्यान उनकी ओर खिंच गया.

बल्लेबाजी में सीमित मौका, लेकिन असरदार शुरुआत

इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 324 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. प्रशांत वीर छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन टीम की स्थिति मजबूत होने के कारण उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का मौका नहीं मिला. उन्होंने सिर्फ 4 गेंदों का सामना किया और 7 रन बनाए, जिसमें एक आकर्षक चौका शामिल था. हालांकि यह छोटी पारी थी, लेकिन इससे उनकी आक्रामक सोच की झलक जरूर मिली.

गेंदबाजी में दिखाया असली दम

मैच का असली मोड़ तब आया जब प्रशांत वीर ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की टीम दबाव में नजर आई और इसका पूरा फायदा इस युवा ऑलराउंडर ने उठाया. अपने 10 ओवर के कोटे में उन्होंने महज 47 रन खर्च किए और 3 अहम विकेट चटकाए. उन्होंने एलगनी वरुण गौड, प्रग्नाय रेड्डी और नितिन साई यादव को पवेलियन भेजकर हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.

प्रशांत की सधी हुई और अनुशासित गेंदबाजी के सामने हैदराबाद की टीम 43 ओवर में ही 240 रन पर सिमट गई. इस तरह उत्तर प्रदेश ने यह मुकाबला 84 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया.

अब तक का क्रिकेट सफर

प्रशांत वीर का करियर अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन आंकड़े उनके टैलेंट की गवाही देते हैं. अब तक वह 2 फर्स्ट क्लास और 9 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं. टी20 क्रिकेट में उनका स्ट्राइक रेट 167.16 का रहा है, जहां उन्होंने 112 रन बनाए हैं. इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 40 रन रहा है. इसके अलावा गेंदबाजी में उन्होंने 12 विकेट अपने नाम किए हैं.

वहीं फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्हें अब तक 2 विकेट मिले हैं और बल्ले से उन्होंने 7 रन बनाए हैं. भले ही आंकड़े सीमित हों, लेकिन उनका ऑलराउंड खेल यह संकेत देता है कि आने वाले समय में वे बड़े मंच पर खुद को साबित कर सकते हैं.

CSK के लिए भविष्य का मजबूत विकल्प

विजय हजारे ट्रॉफी में डेब्यू मैच में ही प्रशांत वीर का यह प्रदर्शन चेन्नई सुपर किंग्स के फैसले को सही ठहराता नजर आ रहा है. युवा खिलाड़ियों को तराशने और उन्हें बड़ा मंच देने में सीएसके का रिकॉर्ड शानदार रहा है. ऐसे में प्रशांत वीर को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं कि वह आने वाले आईपीएल सीजन में टीम के लिए एक अहम हथियार साबित हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें- अरावली को लेकर केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, किसी भी तरह की नई माइनिंग लीज देने पर लगाई रोक