DDA Housing Scheme 2026: दिल्ली में सस्ता घर खरीदने का मौका, फ्लैट्स पर मिल रही 25% तक छूट

DDA Housing Scheme: अगर आप दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे हैं, तो दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) आपके लिए एक शानदार मौका लेकर आया है. DDA की 'नागरिक आवास योजना 2026' के तहत नरेला और सिरसपुर में रेडी-टू-मूव फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

DDA Housing Scheme 2026 Opportunity to buy an affordable home in Delhi discounts of up to 25%
Image Source: Social Media

DDA Housing Scheme: अगर आप दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे हैं, तो दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) आपके लिए एक शानदार मौका लेकर आया है. DDA की 'नागरिक आवास योजना 2026' के तहत नरेला और सिरसपुर में रेडी-टू-मूव फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं. 

खास बात यह है कि इन फ्लैट्स पर 25 फीसदी तक की छूट भी दी जा रही है. यह योजना उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है जो कम कीमत में दिल्ली में अपना घर खरीदना चाहते हैं.

सभी आय वर्ग के लिए उपलब्ध हैं फ्लैट

इस योजना में EWS, LIG, MIG और HIG सभी श्रेणियों के लोगों के लिए फ्लैट उपलब्ध हैं. इच्छुक लोग DDA के आवास पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कर सकते हैं. फ्लैट का आवंटन 'फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व' यानी पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा. इसके लिए 30 जून 2026 तक रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है.

कितने फ्लैट्स उपलब्ध हैं?

इस योजना के तहत कुल 1,712 फ्लैट्स उपलब्ध कराए गए हैं. इनमें नरेला में 1,301 और सिरसपुर में 411 फ्लैट शामिल हैं. इन फ्लैट्स में HIG, MIG, LIG और EWS सभी कैटेगरी के घर शामिल हैं, ताकि अलग-अलग आय वर्ग के लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार घर चुन सकें.

फ्लैट्स की कीमत कितनी है?

फ्लैट्स की कीमत अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार तय की गई है. EWS श्रेणी के फ्लैट्स की शुरुआती कीमत 9.60 लाख रुपये है. LIG फ्लैट्स की कीमत 11.5 लाख रुपये से शुरू होकर 15.3 लाख रुपये तक जाती है. वहीं MIG फ्लैट्स की कीमत 66 लाख रुपये से 82 लाख रुपये के बीच है. HIG फ्लैट्स की कीमत 95 लाख रुपये से शुरू होकर 1.13 करोड़ रुपये तक है.

बुकिंग के लिए कितना पैसा जमा करना होगा?

फ्लैट बुक करते समय खरीदारों को अपनी श्रेणी के अनुसार बुकिंग राशि जमा करनी होगी. HIG श्रेणी के लिए 10 लाख रुपये, MIG के लिए 4 लाख रुपये, LIG के लिए 1 लाख रुपये और EWS श्रेणी के लिए 50 हजार रुपये जमा करने होंगे. इसके अलावा सभी आवेदकों को DDA आवास पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए 2,500 रुपये की एकमुश्त और नॉन-रिफंडेबल फीस भी देनी होगी.

30 जून तक कर सकते हैं आवेदन

जो लोग इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें 30 जून 2026 से पहले आवेदन करना होगा. क्योंकि फ्लैट्स का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा, इसलिए इच्छुक खरीदारों के लिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है. दिल्ली में किफायती कीमत पर घर खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए यह योजना एक अच्छा अवसर साबित हो सकती है.

ये भी पढ़ें- पहले मंगेतर को मारा, फिर इंस्टाग्राम पर किया ये भावुक पोस्ट... प्रेमी के साथ मिलकर सिया ने ऐसे रची साजिश