De De Pyaar De Poster Released: लंबे समय से चर्चाओं में बनी हुई अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह की चर्चित फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ का सीक्वल आखिरकार दर्शकों के सामने आने को तैयार है. मेकर्स ने फिल्म का पहला मोशन पोस्टर जारी कर दिया है, जो न सिर्फ हंसी-ठहाके का वादा करता है बल्कि कहानी की अगली कड़ी की एक झलक भी पेश करता है.
फिल्म के पोस्टर ने फैन्स की उत्सुकता और भी बढ़ा दी है. इस बार कहानी में जहां रोमांस और रिश्तों की जटिलता बनी रहेगी, वहीं कॉमेडी और ड्रामा का तड़का भी पहले से ज़्यादा होगा.
मस्ती भरे अंदाज़ में रिलीज़ हुआ मोशन पोस्टर
11 अक्टूबर को अजय देवगन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ‘दे दे प्यार दे 2’ का मोशन पोस्टर साझा किया. पोस्टर में दिखाया गया है कि रकुल प्रीत सिंह का परिवार उन्हें कार से बाहर धक्का दे रहा है, जो बताता है कि इस बार प्रेमी जोड़े को नए संघर्षों का सामना करना पड़ेगा. पोस्टर के साथ अजय ने कैप्शन दिया प्यार का सीक्वल जरूरी है! क्या आशीष को इस बार आयशा के मम्मी-पापा की हां मिलेगी? #PyaarVsParivaar #DeDePyaarDe2 – सिनेमाघरों में 14 नवंबर 2025. इस घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर फैन्स के कमेंट्स की बाढ़ आ गई. किसी ने इसे ‘डबल धमाका’ कहा तो किसी ने लिखा “पुरानी यादें फिर से ताजा हो गईं.” हालांकि तब्बू की कमी कई लोगों ने ज़रूर महसूस की.
कास्ट में नए चेहरे, पर वही पुराना मज़ा
इस बार फिल्म में तब्बू तो नज़र नहीं आएंगी, लेकिन उनके स्थान पर कई बेहतरीन कलाकार जुड़ चुके हैं. मुख्य कलाकार इसमें अजय देवगन, रकुल प्रीत सिंह, आर. माधवन, मीज़ान जाफरी, गौतमी कपूर, इशिता दत्ता, जावेद जाफरी, जिमी शेरगिल, आलोक नाथ, कुमुद मिश्रा होंगे. फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं अंशुल शर्मा, जबकि निर्माण की ज़िम्मेदारी निभा रहे हैं भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, लव रंजन और अंकुर गर्ग.
क्या है 'दे दे प्यार दे 2' की कहानी?
पहली फिल्म में हमने देखा था कि 50 वर्षीय आशीष (अजय देवगन) को 26 साल की आयशा (रकुल प्रीत सिंह) से प्यार हो जाता है. जब वह अपने परिवार और पूर्व पत्नी मंजू (तब्बू) से आयशा को मिलवाने भारत आता है, तो कहानी में कई दिलचस्प मोड़ आते हैं.अब सीक्वल में कहानी वहां से आगे बढ़ती है. इस बार आशीष को आयशा के परिवार से अपने रिश्ते की मंजूरी लेनी है, जो आसान नहीं होने वाला. 'प्यार बनाम परिवार' की इस टक्कर में क्या होगा रोमांस की जीत, या परिवार की इच्छाएं बनेंगी बाधा – ये जानने के लिए फैन्स को इंतजार करना होगा 14 नवंबर 2025 तक, जब फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
यह भी पढ़ें: नीलम गिरी के नाम पर दुखी...जीशान के एविक्शन पर छलकी तान्या की खुशी; बोलीं- पता था