Depression Personality Changes: आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में डिप्रेशन एक आम समस्या बनती जा रही है. काम का दबाव, रिश्तों की टेंशन, सोशल मीडिया की ट्रोलिंग और करियर की चिंता, इन सब वजहों से कई लोग मानसिक रूप से कमजोर हो रहे हैं. लेकिन भारत में डिप्रेशन को लेकर जागरूकता अभी भी काफी कम है. लोग इसे हल्के में लेते हैं, जबकि लंबे समय तक डिप्रेशन में रहना खतरनाक साबित हो सकता है.
NCBI की रिपोर्ट के अनुसार, डिप्रेशन केवल मूड पर असर नहीं डालता, बल्कि व्यक्ति की पर्सनालिटी में भी कई बदलाव लाता है. आइए जानते हैं कि किन आदतों और व्यवहारों के बदलाव से पता लगाया जा सकता है कि कोई व्यक्ति डिप्रेशन से जूझ रहा है.
1. छोटे-छोटे मामलों पर गुस्सा आना
कुछ लोगों को जल्दी गुस्सा आता है, लेकिन अगर कोई शांत स्वभाव वाला व्यक्ति अचानक छोटी-छोटी बातों पर चिढ़ने लगे, हमेशा इरिटेट और फ्रस्ट्रेट लगे, तो ये डिप्रेशन का संकेत हो सकता है. कई बार यह गुस्सा इतना ज़्यादा हो जाता है कि व्यक्ति चिल्लाने, चीजें फेंकने या हाथ-पैर कांपने जैसे खतरनाक व्यवहार दिखा सकता है.
2. चीजों में एडजस्ट न कर पाना
डिप्रेशन में लोग अक्सर खुद को अलग-थलग महसूस करने लगते हैं. फैमिली गेदरिंग या दोस्तों के साथ बिताए समय में उन्हें परेशानी होती है. जो चीजें पहले पसंद थीं, अब उनमें रुचि नहीं दिखती. यह अलगाव और एडजस्ट न कर पाने की भावना डिप्रेशन के शुरुआती संकेत हो सकते हैं.
3. अपनी पसंदीदा चीजों में इंट्रेस्ट खत्म होना
डिप्रेशन का एक और बड़ा असर होता है, एन्हेडोनिया. यानी पहले जो चीजें खुशी देती थीं, अब उनमें आनंद नहीं आता. फेवरेट हॉबी, खाना, संगीत या दोस्तों के साथ समय, सब कुछ धीरे-धीरे फीका लगने लगता है. यह खासकर 18 से 29 साल के युवा में अक्सर देखा जाता है.
4. बहुत ज्यादा जिद्दी बन जाना
कुछ लोग डिप्रेशन के चलते अपने मूड और बिहेवियर पर कंट्रोल खो देते हैं और अत्यधिक जिद्दी हो जाते हैं. हर बात पर अपने तरीके से चलना चाहते हैं और अपनी हर मांग पूरी करना उनका मकसद बन जाता है. ऐसे में गलत फैसले लेने का खतरा भी बढ़ जाता है.
समझदारी यही है कि संकेतों को नजरअंदाज न करें
अगर आप या आपका कोई करीबी ऐसे बदलाव दिखा रहा है, तो इसे हल्के में न लें. समय पर मदद लेने से डिप्रेशन को नियंत्रित किया जा सकता है. मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना उतना ही ज़रूरी है जितना शारीरिक स्वास्थ्य.
यह भी पढ़ें- 'मेरी स्किन और दिल पर हमेशा के लिए छप चुका है', वो पल जिसे हरमनप्रीत कौर जिंदगी भर के लिए रखना चाहती हैं याद