हिजाब और लंबी दाड़ी... बदला-बदला दिखा रणवीर और दीपिका पादुकोण का लुक; फिर दिखे पर्दे पर साथ

बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा जोड़ों में से एक, दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह एक बार फिर साथ नजर आए हैं. इस बार किसी फिल्म नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय विज्ञापन में. ‘विज़िट अबू धाबी’ कैंपेन के लिए तैयार किया गया यह खूबसूरत एड वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही चर्चा का विषय बन गया है.

Deepika Padukone and ranveer singh new look long beard and hijab wearing image viral on social media
Image Source: Social Media

बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा जोड़ों में से एक, दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह एक बार फिर साथ नजर आए हैं. इस बार किसी फिल्म नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय विज्ञापन में. ‘विज़िट अबू धाबी’ कैंपेन के लिए तैयार किया गया यह खूबसूरत एड वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही चर्चा का विषय बन गया है. दीपिका और रणवीर दोनों ने इसे अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया है, जिसमें कैप्शन में सिर्फ दो शब्द हैं. “मेरा सुकून”.


यह जोड़ी हाल ही में माता-पिता बनी है, और यह पहला मौका है जब दोनों ने एक साथ किसी प्रोजेक्ट में वापसी की है. एड फिल्म में अबू धाबी की विरासत, संस्कृति और शांत वातावरण को इतने भावपूर्ण ढंग से दिखाया गया है कि वीडियो मिनी फिल्म जैसा प्रतीत होता है.

दीपिका-रणवीर की बातचीत से झलकता है अपनापन

विज्ञापन की शुरुआत एक म्यूजियम सीन से होती है, जहां रणवीर एक पुरानी मूर्ति को देखते हुए कहते हैं, “90 ई.  सोचिए, उस दौर में ऐसी कलाकारी!” इस पर दीपिका मुस्कुरा कर कहती हैं, “अगर मेरी मूर्ति बने, तो कौन सा पोज दूं?” रणवीर मजाक में जोड़ते हैं, “आप तो सच में आर्काइव में रखने लायक हैं.” इस प्यारी सी नोंकझोंक के बाद दोनों गहरे विचारों में डूबते नजर आते हैं. रणवीर पूछते हैं, “अगर हम कहीं और बड़े हुए होते तो क्या होते?” जिस पर दीपिका जवाब देती हैं, “कुछ जगहें हमें खुद से ऐसे सवाल पूछने पर मजबूर करती हैं, जो हम आमतौर पर कभी नहीं पूछते.”

अबू धाबी की खूबसूरती में खोया जोड़ा

इसके बाद कैमरा ले जाता है दोनों को अबू धाबी के शांत और रमणीय लोकेशनों पर. रणवीर कहते हैं, “कुछ जगहें बस सुनने देती हैं.” दीपिका हल्की मुस्कान के साथ जोड़ती हैं, अद्भुत है, जब खामोशी भी कुछ कहती है. रेगिस्तान की शांति में बैठा यह कपल जब स्क्रीन पर दिखता है, तो रणवीर कहते हैं, “यह बस अबू धाबी है... जैसे पॉज़ बटन दबा दिया हो.” दीपिका जवाब में कहती हैं, “हम सफर पर दुनिया देखने निकलते हैं, पर कहीं-कहीं खुद को भी देख लेते हैं.”

लाजवाब विज़ुअल्स और बेमिसाल केमिस्ट्री

कैमरा वर्क, बैकग्राउंड स्कोर और इन दोनों सितारों की परफॉर्मेंस इतनी सहज है कि यह विज्ञापन एक सुंदर अनुभव में तब्दील हो जाता है. इस विज्ञापन के ज़रिए ना केवल अबू धाबी को एक शांत, सांस्कृतिक और सुंदर गंतव्य के रूप में पेश किया गया है, बल्कि दीपिका-रणवीर की केमिस्ट्री को भी एक नए नजरिए से दिखाया गया है.

सोशल मीडिया पर तारीफों की बौछार

फैंस का उत्साह देखते ही बनता है. एक यूज़र ने लिखा, “दीपिका का हिजाब लुक वाकई दिल चुराने वाला है.” वहीं दूसरे ने कहा, “यह देखकर अच्छा लगा कि दोनों ने अरब संस्कृति का सम्मान करते हुए इतने सलीके से शूट किया.”

इंडियन स्टार्स का इंटरनेशनल ब्रांड्स के साथ गहरा जुड़ाव

यह विज्ञापन इस बात की भी मिसाल है कि कैसे भारतीय सितारे अब ग्लोबल ब्रांड्स के साथ मिलकर टूरिज्म को प्रमोट कर रहे हैं. इससे पहले विराट कोहली और अनुष्का शर्मा 'विजिट दुबई' कैंपेन का हिस्सा रह चुके हैं, और अब दीपिका-रणवीर इस फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं.

यह भी पढ़ें: पत्नी के आरोपों पर बोले पवन सिंह, भ्रम फैलाया गया...ज्योति ने दे दिया ओपन चैलेंज