Delcy Rodriguez: डेल्सी रोड्रिग्ज बनीं वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति, अमेरिकी हिरासत में हैं मादुरो

वेनेजुएला में अचानक पैदा हुए राजनीतिक संकट के बीच देश की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया गया है.

Delcy Rodriguez becomes interim President of Venezuela
Image Source: Social Media

Delcy Rodriguez: वेनेजुएला में अचानक पैदा हुए राजनीतिक संकट के बीच देश की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया गया है. यह फैसला वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट के संवैधानिक चैंबर ने शनिवार को जारी एक आदेश के तहत लिया. अदालत ने कहा कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अनुपस्थिति की स्थिति में उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज देश के राष्ट्रपति के कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी.

यह आदेश ऐसे समय में आया है जब निकोलस मादुरो को शनिवार सुबह अमेरिकी सेना द्वारा किए गए एक विशेष ऑपरेशन के दौरान हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है. इस घटनाक्रम के बाद देश में सत्ता की निरंतरता और प्रशासनिक स्थिरता को लेकर सवाल खड़े हो गए थे.

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों दिया आदेश?

सुप्रीम कोर्ट के संवैधानिक चैंबर ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि यह फैसला राज्य की निरंतरता, प्रशासनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय रक्षा को सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है. अदालत ने कहा कि मौजूदा हालात में देश को संवैधानिक ढांचे के भीतर ही संचालित करना जरूरी है.

कोर्ट के आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि वह इस पूरे मामले पर आगे विचार करेगा, ताकि यह तय किया जा सके कि राष्ट्रपति की जबरन अनुपस्थिति जैसी स्थिति में राज्य की संप्रभुता, सरकार के संचालन और संवैधानिक निरंतरता को बनाए रखने के लिए कौन-सा कानूनी ढांचा लागू होता है.

रोड्रिग्ज को मिलीं राष्ट्रपति की शक्तियां

अदालत के फैसले के साथ ही डेल्सी रोड्रिग्ज को राष्ट्रपति पद से जुड़ी सभी संवैधानिक शक्तियां सौंप दी गई हैं. वेनेजुएला के संविधान के अनुसार, यदि राष्ट्रपति अस्थायी या स्थायी रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में असमर्थ हो, तो उपराष्ट्रपति को यह जिम्मेदारी संभालनी होती है.

संविधान के आर्टिकल 233 और 234 में यह प्रावधान है कि राष्ट्रपति की अनुपस्थिति चाहे किसी भी कारण से हो, कार्यकारी शक्तियां उपराष्ट्रपति को हस्तांतरित की जाएंगी. इसी संवैधानिक व्यवस्था के तहत रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाया गया है.

औपचारिक रूप से पद संभालने की प्रक्रिया

रिपोर्ट्स के अनुसार, डेल्सी रोड्रिग्ज ने शनिवार दोपहर स्थानीय समय के अनुसार औपचारिक रूप से राष्ट्रपति का कार्यभार संभाल लिया. मादुरो और उनकी पत्नी की गिरफ्तारी के दावे के कई घंटे बाद उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा परिषद (नेशनल डिफेंस काउंसिल) की बैठक की अध्यक्षता की.

इस बैठक में वरिष्ठ मंत्री, सैन्य अधिकारी और शीर्ष सरकारी पदाधिकारी मौजूद थे. इसे इस बात के संकेत के रूप में देखा जा रहा है कि सरकार ने सत्ता के संक्रमण को तेज़ी से औपचारिक रूप देने की कोशिश की है, ताकि किसी भी तरह का प्रशासनिक शून्य न बने.

मादुरो सरकार में रोड्रिग्ज की भूमिका

निकोलस मादुरो के कार्यकाल के दौरान डेल्सी रोड्रिग्ज वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति के साथ-साथ तेल और वित्त मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाल रही थीं. उन्हें मादुरो की सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिना जाता रहा है और सरकार की आर्थिक तथा रणनीतिक नीतियों में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है.

अमेरिकी हमले पर कड़ा बयान

इससे पहले सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक बयान में डेल्सी रोड्रिग्ज ने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की कड़ी आलोचना की थी. उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और वेनेजुएला की संप्रभुता का खुला उल्लंघन बताया.

रोड्रिग्ज ने देश की जनता से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा था कि वेनेजुएला के साथ जो हुआ है, वह भविष्य में किसी भी देश के साथ हो सकता है. उन्होंने इसे सिर्फ वेनेजुएला नहीं, बल्कि सभी संप्रभु देशों के लिए एक खतरनाक मिसाल बताया.

ये भी पढ़ें- लादेन, सद्दाम हुसैन से लेकर मादुरो तक... कई देशों में ऐसा कर चुका है अमेरिका? वेनेजुएला का क्या होगा?