Delhi Student Murder: दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर हुआ एक मामूली विवाद जानलेवा साबित हो गया. 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले 17 वर्षीय छात्र की उसके ही नाबालिग साथियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने सभी छह नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.
मृतक छात्र त्रिलोकपुरी के इंद्रा कैंप का रहने वाला था. पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार, 5 जनवरी की शाम इंस्टाग्राम पर किए गए एक कमेंट को लेकर विवाद शुरू हुआ. छात्र ने अपने एक जानने वाले की इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर मजाक में “तू तो मेरा छोटा भाई है” लिख दिया था. यह टिप्पणी आरोपी को नागवार गुजरी और उसने इसे अपनी बेइज्जती समझ लिया.
दोस्तों संग मिलकर किया हमला
इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने पांच अन्य नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर छात्र को घेर लिया. आरोप है कि छात्र को जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारे गए. हमले में उसे गंभीर चोटें आईं. घटना के दौरान जब कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई.
CR| #BreakingNews: दिल्ली में पिटाई से नाबालिग छात्र की मौत
— Bharat 24 - Vision Of New India (@Bharat24Liv) January 6, 2026
त्रिलोकपुरी में छात्र को बेरहमी से पीटा गया था
11वीं कक्षा के छात्र मोहित की इलाज के दौरान मौत
हमले में शामिल सभी 6 नाबालिग आरोपी पकड़े गए
Watch : https://t.co/1AEQXjXcmM#Delhi #Trilokpuri #CrimeNews #Death… pic.twitter.com/BNYxGhhhbH
अस्पताल में तोड़ा दम
बुरी तरह घायल छात्र को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे GTB अस्पताल रेफर कर दिया गया. हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद मंगलवार, 6 जनवरी की सुबह इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई.
पुलिस कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. क्राइम टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. फिलहाल सभी छह नाबालिग आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि सोशल मीडिया पर होने वाले छोटे-से विवाद भी किस तरह हिंसक और जानलेवा रूप ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: बर्फीली हवाओं ने दिल्लीवालों पर ढाया कहर! सता रहा कोहरा; जानें आज के मौसम अपडेट