Delhi AQI Update: राजधानी दिल्ली में रविवार को आसमान तो साफ रहेगा, लेकिन सांस लेना अब भी मुश्किल बना हुआ है. दीवाली के बाद से हवा की गुणवत्ता में गिरावट लगातार जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि ठंडी हवाओं का हल्का असर महसूस होने लगा है, लेकिन बढ़ता वायु प्रदूषण (AQI) राजधानी के निवासियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 233 दर्ज किया गया है, जो ‘खतरनाक श्रेणी’ में आता है. PM2.5 का स्तर 228 और PM10 का स्तर 150 तक पहुंच चुका है. विशेषज्ञों के अनुसार, इस स्तर की हवा बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए बेहद हानिकारक है. दीवाली के बाद से प्रदूषण में थोड़ी गिरावट जरूर आई है, लेकिन हालात अब भी सामान्य से बहुत दूर हैं. शुक्रवार को जहां AQI 288 तक था, वहीं रविवार को इसमें मामूली सुधार दिखा है. बावजूद इसके, दिल्ली की हवा में ग्रीन सिग्नल अभी भी नहीं मिला है.
मौसम साफ, बारिश की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग ने रविवार को आसमान साफ रहने की संभावना जताई है. सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी, लेकिन दिन में तापमान बढ़ने से गर्म कपड़ों की जरूरत नहीं पड़ेगी. रविवार को सूर्योदय सुबह 6:34 बजे और सूर्यास्त शाम 5:36 बजे होगा. औसत तापमान 22–24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर में बारिश बहुत कम होती है औसतन 5 से 6 मिमी और यही वजह है कि हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व नीचे नहीं बैठ पाते. यही कारण है कि बरसात की कमी दिल्ली की हवा को और जहरीला बना रही है.
सुबह-शाम धुंध और कोहरे का अहसास
नवंबर के दूसरे दिन से ही दिल्ली के आसमान में हल्की धुंध और कोहरे जैसी परत नजर आने लगी है. यह धुंध केवल ठंड की नहीं, बल्कि प्रदूषण के कारण भी है. सुबह के समय दृश्यता कम होती है और सांस लेने में भारीपन महसूस होता है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा, लेकिन प्रदूषण से राहत की संभावना फिलहाल नहीं दिखती.
हल्की सर्दी की दस्तक, दिसंबर में बढ़ेगा असर
राजधानी में फिलहाल हल्की ठंडक महसूस की जा रही है. रात के तापमान में 13 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच उतार-चढ़ाव रहेगा. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर के अंत तक ठंड में तेजी आएगी और दिसंबर में कड़ाके की सर्दी शुरू होगी. दिन के समय फिलहाल धूप निकले रहने से वातावरण में गर्मी बनी हुई है, लेकिन जैसे-जैसे उत्तर भारत में ठंडी हवाएं बढ़ेंगी, दिल्ली भी धीरे-धीरे सर्दियों की चपेट में आ जाएगी.
सरकारी प्रयास नाकाफी, सावधानी ही एकमात्र बचाव
दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार दोनों ही एंटी-स्मॉग गन, पानी के छिड़काव, और निर्माण स्थलों पर नियंत्रण जैसे कदम उठा रही हैं, लेकिन प्रदूषण पर इनका असर सीमित है. विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि नागरिक सुबह के समय बाहर निकलने से बचें, खासकर बच्चे और बुजुर्ग. जरूरत पड़ने पर N95 मास्क पहनें और घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदूषण की मार, 1 साल में 17 हजार मौतें; रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा, जानकर रह जाएंगे दंग