Delhi Car Blast: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किए गए डॉ. आदिल अहमद के मामले ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. गिरफ्तारी के बाद अब एजेंसियां उन सभी लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं जो पिछले महीने उसकी शादी में शामिल हुए थे. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एजेंसियों ने इन सभी लोगों की एक सूची तैयार करनी शुरू कर दी है और जल्द ही उनसे पूछताछ की जाएगी.
डॉ. आदिल अहमद की शादी 4 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर में हुई थी. शादी का कार्ड भी अब जांच एजेंसियों के हाथ लग चुका है. बताया जा रहा है कि आदिल ने सहारनपुर के अपने अस्पताल से शादी की छुट्टी ली थी और सीधे कश्मीर पहुंच गया था. अब जांच टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर इस शादी में कौन-कौन मौजूद था और क्या उनमें से किसी का संबंध संदिग्ध नेटवर्क से था.
शादी में शामिल डॉक्टर और स्टाफ पर नजर
डॉ. आदिल सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित फेमस मेडिकेयर हॉस्पिटल में कार्यरत था. शादी के दौरान उसके कुछ सहकर्मी और अस्पताल के डॉक्टर भी वहां मौजूद थे. इनमें डॉ. बाबर नामक एक चिकित्सक भी शामिल हैं. सूत्रों का कहना है कि इन सभी लोगों से जल्द ही पूछताछ की जाएगी, क्योंकि एजेंसियों को शक है कि शादी में किसी ऐसे व्यक्ति की मौजूदगी हो सकती है जो इस मॉड्यूल से जुड़ा रहा हो.
जांच एजेंसियां खंगाल रहीं हैं नेटवर्क की कड़ियां
सूत्रों के मुताबिक, एजेंसियां यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि क्या शादी का यह आयोजन किसी मुलाकात या गुप्त मीटिंग का जरिया बना था. शादी में शामिल कश्मीर के मेहमानों की भी एक विस्तृत सूची तैयार की जा रही है. यह भी जांचा जा रहा है कि क्या किसी संदिग्ध व्यक्ति ने इस समारोह का इस्तेमाल संपर्क साधने के लिए किया था.
7 नवंबर को हुई थी गिरफ्तारी
सुरक्षा एजेंसियों ने 7 नवंबर को डॉ. आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था. बताया गया कि उसने अस्पताल से छुट्टी लेते वक्त अपने सहयोगियों को कहा था कि वह अपनी बीमार मां से मिलने घर जा रहा है. लेकिन बाद में जब फरीदाबाद से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद हुए, तो शक की सुई सीधे आदिल की ओर घूम गई. इसके बाद जांच में पता चला कि वह किसी बड़ी साजिश में शामिल हो सकता है.
अस्पताल में है सदमे का माहौल
फेमस मेडिकेयर अस्पताल में इस घटना के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण है. डॉक्टरों और स्टाफ के बीच गहरा सदमा देखा जा रहा है. अस्पताल में कार्यरत डॉ. बाबर ने बताया कि आदिल हमेशा शांत और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाना जाता था. उन्होंने कहा, “आदिल ने हमें अपनी शादी में सामान्य तौर पर आमंत्रित किया था. वहां हमें कुछ भी संदिग्ध नहीं लगा. यह जानकर बहुत दुख हुआ कि इतना पढ़ा-लिखा और जिम्मेदार व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो सकता है.”
पश्चिमी यूपी में साजिश का शक
एजेंसियों की जांच इस दिशा में भी बढ़ रही है कि क्या डॉ. आदिल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसी बड़ी आतंकी साजिश की तैयारी कर रहा था. फरीदाबाद में बरामद विस्फोटक और हथियारों का जखीरा इस बात की ओर इशारा करता है कि योजनाएं काफी सुनियोजित थीं. फिलहाल, जांच टीमें आदिल के संपर्कों, फोन कॉल रिकॉर्ड्स और यात्रा विवरणों की पड़ताल कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: लाल किले के पास ब्लास्ट, फिर न्यू लाजपत राय मार्केट में कैसे मिला बॉडी पार्ट? जांच में जुटी FSL की टीम