दिल्ली के पश्चिम विहार की बदलेगी सूरत, CM रेखा गुप्ता ने 500 करोड़ के विकास कार्यों को दी मंजूरी

दिल्ली के पश्चिम विहार क्षेत्र के नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शकूर बस्ती विधानसभा के पश्चिम विहार वार्ड में 500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी.

delhi CM Rekha Gupta approved development works worth Rs 500 crore for Paschim Vihar
Image Source: ANI/ File

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम विहार क्षेत्र के नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शकूर बस्ती विधानसभा के पश्चिम विहार वार्ड में 500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी. इस फैसले से न केवल पश्चिम विहार की कायाकल्प होगी, बल्कि इलाके की बुनियादी समस्याओं को भी हल किया जाएगा. इस निर्णय पर चांदनी चौक के सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के विकास की दिशा में इसे एक अहम कदम बताया.

सीएम रेखा गुप्ता ने किया क्षेत्र का निरीक्षण

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिम विहार के पांच प्रमुख स्थानों का विस्तृत दौरा किया. यह दौरा आरबीआई एन्क्लेव से शुरू होकर वाइट हाउस, साहिबो नदी, बीजी-8 मार्केट और अंत में बीजी-6 ब्लॉक मार्केट तक पहुंचा. इस मौके पर सांसद प्रवीन खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष अजय खटाना, विधायक करनैल सिंह और पार्षद विनीत वोहरा भी उनके साथ थे. इस दौरे में क्षेत्र के जलभराव, नालों की सफाई, सड़क मरम्मत, पार्कों के विकास और स्वच्छता जैसे मुद्दों का खास ध्यान रखा गया.

500 करोड़ की परियोजनाओं से होगा बदलाव

मुख्यमंत्री द्वारा मंजूर की गई इन परियोजनाओं के तहत साहिबो नदी का पुनरुद्धार, जलभराव की समस्या का समाधान, सड़क मरम्मत, हरित क्षेत्र का विकास और सार्वजनिक स्वच्छता को बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे. यह कदम क्षेत्र के नागरिकों के जीवनस्तर को बेहतर बनाने में मददगार साबित होगा. सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने इस फैसले को पश्चिम विहार को एक आधुनिक और संरचित क्षेत्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया. उन्होंने यह भी कहा कि इन परियोजनाओं से लंबे समय में क्षेत्र की संपत्ति मूल्य में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा. जल निकासी और स्वच्छता ढांचे में सुधार से क्षेत्र में स्वास्थ्य और सफाई के स्तर में भी सुधार होगा.

मुख्यमंत्री के इस निर्णय से पश्चिम विहार के निवासियों में उम्मीद जगी है. हालांकि, कुछ स्थानीय लोग चाहते हैं कि अब जल्द ही इन योजनाओं को वास्तविकता में बदलते हुए देखे. पश्चिम विहार वार्ड के सोनिया कैंप में रहने वाले संतोष यादव ने कहा कि क्षेत्र में कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं. पार्कों की हालत खराब है, स्ट्रीट लाइटें महीनों से बंद पड़ी हैं और नालियों की सफाई न होने से जलभराव की समस्या बनी रहती है. उनका मानना है कि घोषणाएं तो हो गई हैं, लेकिन अब यह देखना होगा कि काम कब शुरू होगा और इसका असर कब दिखेगा.

ये भी पढ़ें: अनमोल बिश्नोई को कोर्ट ने 11 दिनों की हिरासत में भेजा, मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड को लेकर NIA करेगी पूछताछ