नई दिल्ली: दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कई नई योजनाओं और पहलों का ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल भौतिक विकास नहीं, बल्कि हर नागरिक के सम्मान और अधिकार को सुनिश्चित करना भी है. इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस 25 दिसंबर को अटल कैंटीन की शुरुआत की जाएगी. इस योजना के तहत मजदूरों और जरूरतमंदों को मात्र 5 रुपये में पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाएगा.
सम्मानजनक आवास और बेहतर जीवन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार मजदूरों के रोजगार, उनके बच्चों की शिक्षा और परिवार की अन्य जरूरतों के लिए हर संभव मदद करेगी. उन्होंने यह भी घोषणा की कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले हर परिवार को प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जाएगा. ये आवास केवल चार दीवारों तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि सुरक्षित जीवन, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सभी आवश्यक सुविधाओं से लैस होंगे.
500 नए सेंटर और पालना गृह
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रूप से टैक्सी ड्राइवर या श्रम कार्यों में लगी महिलाओं की सुविधा के लिए सरकार 500 नए सेंटर और पालना गृह स्थापित करेगी. इन केंद्रों में माताएं अपने बच्चों को सुरक्षित वातावरण में छोड़कर निश्चिंत होकर काम कर सकेंगी.
आधुनिक सुविधाओं के साथ आंगनवाड़ी
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अब तक 300 आंगनवाड़ी केंद्रों को उन्नत सुरक्षा मानकों और आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा चुका है. इस कदम से माताओं का भरोसा इन केंद्रों पर और मजबूत हुआ है और बच्चों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जा रही है.
बदलाव और सामाजिक कल्याण की दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं न केवल गरीब और श्रमिक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगी, बल्कि दिल्ली में सामाजिक कल्याण की नई क्रांति की नींव भी रखेंगी. उनका लक्ष्य है कि दिल्ली का विकास हर नागरिक तक पहुंचे और कोई भी पीछे न रह जाए.
ये भी पढ़ें: अक्षरधाम मंदिर में मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस, संतों ने दी राष्ट्र को शुभकामनाएं