Delhi Fog Orange Alert: राजधानी दिल्ली में सर्दी ने इस बार दोहरी मार कर दी है. एक तरफ आसमान से घना कोहरा उतर आया है, तो दूसरी ओर हवा में घुला ज़हर लोगों की सांसें रोक रहा है. हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि हवाई और रेल यातायात बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है.
दिल्ली और एनसीआर में बेहद कम दृश्यता के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को भारी अफरातफरी देखने को मिली. घने कोहरे की वजह से 700 से ज्यादा उड़ानों पर असर पड़ा, जबकि कम से कम 177 फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा. इनमें 88 डिपार्चर और 89 अराइवल शामिल हैं, साथ ही दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी कैंसिल की गईं. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, हालात सुधरते न देख शनिवार 20 दिसंबर 2025 के लिए भी 129 उड़ानों को पहले ही रद्द कर दिया गया है. इस तरह शुक्रवार से शनिवार के बीच कुल 306 फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं.
रेल यातायात भी बेहाल, यात्री घंटों फंसे
कोहरे का असर सिर्फ आसमान तक सीमित नहीं रहा. रेल नेटवर्क भी इसकी चपेट में आ गया. पटना तेजस राजधानी, दुरंतो एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और विक्रमशिला सुपरफास्ट जैसी कई प्रमुख ट्रेनें अपने तय समय से घंटों देरी से चल रही हैं. ट्रांसपोर्ट सिस्टम के चरमराने से हजारों यात्री स्टेशन और एयरपोर्ट पर फंसे नजर आए.
IMD का अलर्ट, आने वाले दिन भी मुश्किल
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि शनिवार की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा. रात के समय हल्की धुंध बने रहने की भी संभावना है. विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को भी कई इलाकों में मध्यम कोहरा रहेगा, जबकि कुछ जगहों पर सुबह के वक्त दृश्यता बेहद कम हो सकती है.शुक्रवार तड़के हालात सबसे ज्यादा खराब रहे. सफदरजंग मौसम केंद्र पर सुबह 5.30 बजे दृश्यता शून्य दर्ज की गई, जबकि पालम इलाके में यह महज 50 मीटर रह गई थी. इस वजह से IMD को सुबह के समय रेड अलर्ट तक जारी करना पड़ा.
प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें, AQI गंभीर स्तर के करीब
कोहरे के साथ-साथ दिल्ली में वायु प्रदूषण भी चिंता का कारण बना हुआ है. शुक्रवार को राजधानी का 24 घंटे का औसत AQI 374 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. सुबह के समय AQI बढ़कर 382 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ स्तर से बस कुछ अंक ही कम है. शहर के 40 में से 11 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई.
सख्ती के बावजूद नहीं सुधरे हालात
शनिवार को लगातार नौवां दिन रहा, जब दिल्ली की हवा बहुत खराब या गंभीर श्रेणी में रही. यह तब है, जब NCR में वाहनों के खिलाफ सख्त जांच अभियान चलाया जा रहा है और हजारों चालान काटे जा चुके हैं. इसके बावजूद प्रदूषण में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा. विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दी में तापमान गिरने से इनवर्जन इफेक्ट मजबूत हो जाता है, जिससे प्रदूषक जमीन के पास ही फंसे रहते हैं. सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट की कार्यकारी निदेशक अनूमिता रॉय चौधरी के मुताबिक, ठंड बढ़ने पर हवा की गति कम हो जाती है और प्रदूषण ज्यादा जहरीला हो जाता है.
प्रदूषण में वाहनों की बढ़ती हिस्सेदारी
आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को प्रदूषण में वाहनों का योगदान 15.72 फीसदी रहा. शनिवार को इसके बढ़कर 17.36 फीसदी और रविवार को 18.41 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है. दिसंबर में अब तक 13 से 15 तारीख के बीच तीन दिन हवा गंभीर श्रेणी में रही है, जिससे यह महीना पिछले आठ सालों का सबसे प्रदूषित दिसंबर बनता जा रहा है.
यात्रियों के लिए एयरपोर्ट की एडवाइजरी
बिगड़ते हालात को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. इसमें कहा गया है कि कम दृश्यता की प्रक्रिया लागू है और यात्रियों को अपनी उड़ान से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करते रहने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: कोहरे में लिपटी दिल्ली... चारों और धुंआ-धुंआ, पढ़ें आज का AQI अपडेट