Delhi: MBBS-PG की तैयारी करने वालों के लिए खुशखबरी, सीएम रेखा गुप्ता ने किया बड़ा ऐलान

Delhi Healthcare Reform: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के सरकारी अस्पतालों को एक साथ जोड़कर एक बड़ा और आधुनिक मेडिकल संस्थान बनाने की योजना बताई है. इस पहल का मकसद मरीजों को बेहतर इलाज देना और मेडिकल पढ़ाई को मजबूत करना है.

Delhi Good news for those preparing for MBBS-PG CM Rekha Gupta made a big announcement
Image Source: ANI/ File

Delhi Healthcare Reform: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के सरकारी अस्पतालों को एक साथ जोड़कर एक बड़ा और आधुनिक मेडिकल संस्थान बनाने की योजना बताई है. इस पहल का मकसद मरीजों को बेहतर इलाज देना और मेडिकल पढ़ाई को मजबूत करना है. इससे MBBS और पोस्ट ग्रेजुएट (PG) सीटों में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

सरकार गुरु तेग बहादुर अस्पताल, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को एक साथ जोड़कर एक बड़ा संस्थान बनाने की तैयारी कर रही है. इसे AIIMS की तर्ज पर विकसित किया जाएगा. इसके अलावा IHBAS को NIMHANS जैसा विकसित करने की भी योजना है, जिससे मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी.

PG सीटों में होगी बढ़ोतरी

इस योजना का एक बड़ा लक्ष्य PG सीटों की संख्या बढ़ाना है. अभी अलग-अलग अस्पतालों में फैकल्टी बंटी हुई है, जिससे उनकी पूरी क्षमता का इस्तेमाल नहीं हो पाता. जब सभी संस्थान एक साथ आएंगे, तो प्रोफेसर और डॉक्टर एक ही प्लेटफॉर्म पर काम करेंगे, जिससे ज्यादा सीटें बढ़ाई जा सकेंगी.

इन विषयों में बढ़ेंगी सीटें

एकीकरण के बाद रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और एनेस्थीसिया जैसे विषयों में सीटों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है. अनुमान के अनुसार रेडियोलॉजी में करीब 22, पैथोलॉजी में 26 और एनेस्थीसिया में लगभग 48 सीटें हो सकती हैं. अगर खाली पदों को भर दिया गया, तो यह संख्या और भी बढ़ सकती है.

नए कोर्स भी होंगे शुरू

कुछ विभागों में अभी PG कोर्स नहीं हैं. इस योजना के बाद वहां नई भर्ती की जाएगी और नए कोर्स शुरू किए जाएंगे. कैंसर इंस्टीट्यूट में रेडिएशन ऑन्कोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन जैसे क्षेत्रों में करीब 26 नई सीटें जुड़ सकती हैं. वहीं राजीव गांधी अस्पताल में कार्डियक सर्जरी में भी सीटें बढ़ने की संभावना है.

MBBS सीटों का भी होगा विस्तार

इस पूरे बदलाव का असर MBBS सीटों पर भी पड़ेगा. जैसे-जैसे अस्पतालों में सुविधाएं, मरीजों की संख्या और फैकल्टी बढ़ेगी, वैसे ही MBBS सीटें बढ़ाने का रास्ता भी साफ होगा. इसके लिए नए हॉस्टल, लैब और लेक्चर थिएटर बनाए जाएंगे, ताकि छात्रों को बेहतर पढ़ाई का माहौल मिल सके.

दिल्ली बनेगा मेडिकल हब

सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली को मेडिकल शिक्षा और रिसर्च का बड़ा केंद्र बनाया जाए. इस योजना के लागू होने से न सिर्फ मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा, बल्कि मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए भी नए मौके खुलेंगे.

ये भी पढ़ें- दिल्ली-NCR के मौसम ने ली करवट, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, 2 दिन का येलो अलर्ट